आदिवासियों से 5 बच्चे पैदा करने की अपील पर सियासत तेज, नंदकुमार साय के बयान पर बोले CM साय, कहा….
“वे वरिष्ठ हैं, सोच-समझ कर बोले होंगे” - CM साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने आदिवासी समाज से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।
यह भी पढ़े :- बिहार की सियासत से दिल्ली तक: नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ
दरअसल, रायपुर में आयोजित सर्व आदिवासी समाज की एक बैठक में नंदकुमार साय ने कहा कि “हम दो, हमारे दो” का सबसे ज्यादा पालन आदिवासी समाज ने किया, जिससे उनकी आबादी में गिरावट आई है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में आदिवासियों की घटती आबादी समाज के लिए गंभीर विषय है।
उन्होंने आदिवासी परिवारों से कम से कम 5 बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक आबादी से समाज मजबूत रहेगा और उनकी परंपराएं, संस्कृति और पहचान सुरक्षित रह पाएगी। साथ ही उन्होंने जनगणना के दौरान धर्म कोड में ‘आदिवासी’ दर्ज करने की भी बात कही।
CM साय की प्रतिक्रिया
इस बयान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह उनका व्यक्तिगत विचार है। वे वरिष्ठ नेता हैं, जो भी बोले होंगे सोच-समझकर बोले होंगे।”
राजनीतिक गर्माहट बढ़ने के आसार
नंदकुमार साय का यह बयान ऐसे समय आया है जब आदिवासी समाज की ओर से अलग धर्म कोड की मांग लगातार उठती रही है। उनके इस खुले समर्थन से मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
गौरतलब है कि भाजपा परंपरागत रूप से आदिवासी समाज को हिंदू समाज का हिस्सा मानती रही है, जबकि कांग्रेस भी आदिवासी समुदाय के मुद्दों पर सक्रिय रहती है। ऐसे में साय के बयान के बाद इस विषय पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।



