ACG Maa Shakti Darshan: राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने किया ‘माँ शक्ति दर्शन’ पत्रिका का विमोचन, कहा, बहुत सराहनीय प्रयास

ACG Maa Shakti Darshan: राजधानी रायपुर से प्रकाशित छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय, मासिक पत्रिका अरपा छत्तीसगढ़ के विशेषांक “माँ शक्ति दर्शन” का विमोचन छत्तीसगढ़ के खेलकूद, युवा कल्याण एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के करकमलों से हुआ। यह आयोजन गरिमामयी माहौल में आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। विशेषांक “माँ शक्ति दर्शन” 51 शक्तिपीठों के संग्रह का अनुपम उदाहरण है, जो पाठकों के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक जानकारी का विशिष्ट स्रोत है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विमोचन अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इस विशेषांक का प्रकाशन न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से बल्कि सांस्कृतिक संवेदनशीलता से भी सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा, “माँ शक्ति दर्शन” विशेषांक सभी के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसमें 51 शक्तिपीठों का संग्रह निश्चित ही प्रशंसनीय है। इसके माध्यम से जनमानस को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक धरोहरों का विस्तृत ज्ञान प्राप्त होगा।”
इस अवसर पर समाजसेवी श्रद्धानंद अग्रवाल ने विशेषांक की सराहना करते हुए कहा कि “माँ शक्ति दर्शन” भारतीय समाज में महिलाओं के प्रति आदर, शक्ति और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने पत्रिका की संपादकीय टीम को इसके सफल प्रकाशन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, वरिष्ठ समाजसेवी प्रोफेसर एस.एम. पाध्ये ने इस विशेषांक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार में सहायक होते हैं।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अभिषेक मिकी तिवारी ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ‘माँ शक्ति दर्शन’ विशेषांक एक ऐसा प्रकाशन है जो हर हिंदू परिवार के घर में होना चाहिए, क्योंकि इसमें न केवल भारत बल्कि अन्य देशों में स्थित शक्ति पीठों की जानकारी दी गई है, जो हमारी धार्मिक धरोहर का हिस्सा हैं।

अरपा छत्तीसगढ़ के संपादक अशोक कुमार साहू ने पत्रिका के प्रकाशन के पीछे की प्रेरणा साझा की। उन्होंने बताया कि ‘माँ शक्ति दर्शन’ विशेषांक पाठकों की मांग पर तैयार किया गया है। इसमें भारतीय शक्ति पीठों के साथ ही अन्य देशों में स्थित प्रमुख शक्तिपीठों की विस्तृत जानकारी दी गई है, जो न केवल धार्मिक दृष्टिकोण बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
विशेषांक के प्रकाशन पर डॉ. नितिन तिवारी संचालक चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल, डॉ. रोहित बाजपेयी संचालक बाजपेयी नर्सिंग होम, डॉ. श्रेयस जायसवाल संचालक बलौदाबाजार इमेजिंग डायग्नोस्टिक्स सेंटर, विजय केशरवानी वरिष्ठ भाजपा नेता, रामाधार पटेल वरिष्ठ पत्रकार, देवेंद्र साहू, श्रीमती सुनीता वर्मा राजप्रधान छ्ग मनवा कुर्मी समाज, योगेश अग्रवाल, अनिमेष मिश्रा सहित सभी शुभचिंतकों ने अरपा छत्तीसगढ़ पत्रिका की टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अरपा छत्तीसगढ़ के सहयोगी डिगेश्वर मानिकपुरी और टुम्मन साहू भी मौजूद थे। (ACG Maa Shakti Darshan)




