बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर दिनदहाड़े एसिड अटैक, लाइब्रेरी से लौट रही थी छात्रा, आखिर अपराधी कितने बेखौफ ?

Acid Attack on Cop Daughter: बालोद जिले में दिनदहाड़े एक छात्रा पर एसिड अटैक की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालोद शहर में एक पुलिसकर्मी की 22 साल की बेटी पर उस वक्त एसिड डाल दिया गया, जब वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया, जबकि चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक छात्रा ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर वह आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में बच्चों की सुरक्षा कितनी महफूज ? हर दिन 4 से ज्यादा केस, POCSO के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। एसिड अटैक में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस को मौके से छात्रा के जले हुए कपड़े भी मिले हैं। क्राइम सीन को सुरक्षित कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की तरफ फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। (Acid Attack on Cop Daughter)

आखिर क्यों किया गया हमला ?
पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि छात्रा पर एसिड अटैक क्यों किया गया? क्या आरोपी छात्रा को पहले से जानता था? क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश, एकतरफा प्रेम या किसी अन्य विवाद का नतीजा है? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किस तरह के एसिड का इस्तेमाल किया और उसे एसिड कहां से मिला। बालोद में पढ़ाई कर घर लौट रही युवती पर दिनदहाड़े एसिड अटैक की घटना ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सबसे गंभीर बात यह है कि वारदात शहर के इलाके में हुई और आरोपी हमला करने के बाद आसानी से फरार हो गया। (Acid Attack on Cop Daughter)

पीड़िता खुद एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। ऐसे में सवाल सिर्फ एक छात्रा की सुरक्षा का नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था का भी है। सवाल ये है कि जब शहर में दिनदहाड़े एक युवती पर एसिड फेंककर आरोपी फरार हो सकता है तो आम लोगों की सुरक्षा कितनी पुख्ता है? पुलिस आरोपी तक कब पहुंचेगी और एसिड अटैक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आखिर क्या ठोस व्यवस्था है? बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर दिनदहाड़े हुआ ये एसिड अटैक कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। आखिर शहर में एक युवती पर इस तरह हमला कर आरोपी कैसे फरार हो गया? पुलिस के सामने अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ हमले की वजह और एसिड की उपलब्धता का पता लगाने की चुनौती है। सवाल सिर्फ एक वारदात का नहीं, शहर में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भरोसे का भी है।




