कपड़ा व्यवसाय के बहाने नशे का कारोबार, व्यापारी के घर से डोडा और अफीम जब्त

Action on Drug Chhattisgarh: नए साल की शुरुआत के साथ ही बस्तर और रायपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। साथ ही बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए हैं। जगदलपुर में बोधघाट पुलिस ने नया बस स्टैंड क्षेत्र से मनीष चांडक नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से कपड़े का व्यवसाय करने के बहाने नशे का कारोबार भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 किलो डोडा और करीब 300 ग्राम अफीम जब्त किया है। जब्त नशीले पदार्थ की कुल कीमत 3 लाख 86 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
यह भी पढ़ें:- नक्सलगढ़ से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर आया सुकमा, तीन स्वास्थ्य केंद्रों को मिला NQAS सर्टिफिकेट
साल 2025 में बस्तर संभाग में पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 2768 किलो गांजा, 4 लीटर गांजा तेल, 45 गांजा पौधा, 1 किलो डोडा और 500 ग्राम चरस जब्त किया था। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की गिरफ्तारी का अभियान 2026 में भी जारी है। वहीं 4 जनवरी को रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आरंग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित सिरप और गांजा की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया। इस कार्रवाई में ओडिशा के रहने वाले डिलेश्वर मेहर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप और गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपए बताई गई है। (Action on Drug Chhattisgarh)
सारंगढ़ में बाइक से गांजा तस्करी
3 जनवरी को सारंगढ़ की सरिया पुलिस ने गांजा परिवहन में शामिल आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई। सूचना मिलने पर पुलिस ने साल्हेओना के डीपापारा ईंटभट्ठा के पास घेराबंदी कर बाइक को रोका। तलाशी में मोटर साइकिल के डिक्की में छिपा 4 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद हुआ। ओडिशा के रहने वाले आरोपी अक्तिलाल सेठ झिकझिकी से पूछताछ में सामने आया कि वह गांजा चंद्रपुर ले जा रहा था।
9 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
2 जनवरी को गरियाबंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत 9 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में स्विफ्ट कार से महासमुंद मार्ग से फिंगेश्वर होते हुए गांजा बेमेतरा ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी बेमेतरा के खमरिहा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जब्त गांजे की कीमत लगभग 4 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है। बस्तर और छत्तीसगढ़ पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट होता है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और नए साल में भी मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



