Pushpa 2 Premiere Stampede Case : दुनियाभर में धमाल मचाने वाली फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभिनेता को उनके घर से हिरासत में लिया गया। यह मामला 4 दिसंबर को हुई एक घटना से जुड़ा है, जब फिल्म के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़े :- Parliament Winter Session : लोकसभा में बोले राजनाथ सिंह, संविधान किसी पार्टी की देन नहीं, यह राष्ट्र बनाने का रोडमैप
जानें क्या है पूरा मामला?
यह गिरफ्तारी हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई भगदड़ (Pushpa 2 Premiere Stampede Case)से जुड़े केस में हुई है। 4 दिसंबर को फिल्म के प्रीमियर के दौरान भारी भीड़ उमड़ी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण भगदड़ मच गई। इसमें 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई, जबकि उसका 8 वर्षीय बेटा घायल हो गया था। पुलिस का आरोप है कि प्रीमियर इवेंट के बारे में उन्हें पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। इस वजह से सुरक्षा के उचित प्रबंध नहीं किए जा सके।
अल्लू अर्जुन पर क्या हैं आरोप?
महिला के परिवार की शिकायत के बाद चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 105 और 118 (1) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि अल्लू अर्जुन के आने की वजह से भीड़ और बढ़ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ।
थिएटर प्रबंधन और अन्य की गिरफ्तारी
अल्लू अर्जुन से पहले पुलिस ने थिएटर के मालिक, सीनियर मैनेजर और निचली बालकनी के प्रभारी को गिरफ्तार किया था। पुलिस का आरोप है कि थिएटर प्रबंधन ने सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती।
हाईकोर्ट पहुंचे अल्लू अर्जुन
गिरफ्तारी से बचने के लिए अल्लू अर्जुन ने तेलंगाना हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने एफआईआर को रद्द करने की याचिका दायर की और गिरफ्तारी पर रोक लगाने का अनुरोध किया। अल्लू अर्जुन ने मृत महिला के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी और इस घटना पर दुख भी जताया था। (Pushpa 2 Premiere Stampede Case)