Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार में अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का प्रहार, 6 ट्रैक्टर जब्त

कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर राजस्व-खनिज विभाग की सख्ती, रेत माफिया में हड़कंप

बलौदाबाजार। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

यह भी पढ़े :- Bastar Pandum 2026 : संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 का भव्य समापन, सुकमा के जनजातीय नाट्य ने बिखेरा जलवा

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 फरवरी 2026 को सोनाखान तहसील अंतर्गत ग्राम भानपुर में राजस्व विभाग की टीम ने औचक जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में लिप्त 6 ट्रैक्टरों को पकड़ा। मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना राजादेवरी को सुपुर्द किया गया।

कलेक्टर दीपक सोनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी रेत घाटों पर कड़ी और सतत निगरानी रखी जाए। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस, राजस्व विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम शामिल है। यह टीम नियमित रूप से औचक छापेमारी कर रही है।

प्रशासन का कहना है कि अवैध रेत परिवहन से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी प्रभावित होता है। इसी कारण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

लगातार हो रही कार्रवाइयों से रेत माफिया में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिक प्रशासन की इस सख्ती को सकारात्मक और सराहनीय कदम मान रहे हैं। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अवैध रेत परिवहन पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!