हल्द्वानी के बाद बरेली में बवाल, मौलाना तौकीर रजा के जेल भरो अभियान पर पथराव ने बढ़ाई टेंशन

Bareilly Violence : उत्तर प्रदेश के बरेली में मौलाना तौकीर रजा खान के ‘जेल भरो’ आह्वान के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन के लिए जमा हुए थे. इसी दौरान पथराव शुरू हो गया और देखते ही देखते हिंसक प्रदर्शन की स्थिति बन गई. फिलहाल हालात पर काबू पा लिया गया है.
यह भी पढ़े :- रायपुर रेलवे स्टेशन में RPSF जवान से चली गोली, मौत और एक यात्री घायल
नमाज के बाद तौकीर रजा ने लोगों को संबोधित किया और फिर गिरफ्तारी देने के लिए इस्लामिया ग्राउंड की तरफ जाने लगे. इसी दौरान शहामत गंज इलाके में प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी शुरू हो गई. डीएम ने केस दर्ज कर जांच करने की बात कही है. (Bareilly Violence)
मौलाना ने दी ‘जेल भरो’ की धमकी
मौलाना खान के हजारों समर्थक कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के बिहारीपुर में इस्लामिया कॉलेज के मैदान के पास एकट्ठा हुए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, तौकीर रजा के बुलाने पर सभी प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए थे. तौकीर रजा ने सरकार की कथित मुस्लिम विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक तौर पर ‘जेल भरो’ का आह्वान किया था. जुमे की नमाज के बाद तौकीर रजा ने अपने आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा, “सरकार मुसलमानों को दुश्मन बना रही है, हम सरकार की मुस्लिम विरोधी नीतियों के खिलाफ हैं.”
मौलाना ने अपने घर से बाहर निकलकर सड़क पर जाने की कोशिश की, जहां पहले से ही उनके समर्थक मौजूद थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने उन्हें रोक दिया. बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश कुमार सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “मौलाना तौकीर रजा ने सरकार की नीतियों के खिलाफ गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी, उन्हें रोका गया और शांतिपूर्वक अपने घर लौटने के लिए कहा गया. स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है. क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गये हैं. (Bareilly Violence)



