Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिका-ईरान में फिर बढ़ा तनाव, सीजफायर तोड़कर अमेरिका ने की बमबारी, होर्मुज में फंसे 1500 जहाज

America Iran Conflict: मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने सीजफायर समझौते का उल्लंघन करते हुए उसके तेल टैंकरों पर हमला किया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है कि अगर परमाणु समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका आगे भी हमले करेगा। जानकारी के मुताबिक अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में जास्क क्षेत्र के पास एक ईरानी तेल टैंकर को निशाना बनाया। यह टैंकर होर्मुज स्ट्रेट की ओर बढ़ रहा था। ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने कहा कि यह हमला सीधे तौर पर युद्धविराम की भावना के खिलाफ है और तेहरान इसका बिना किसी हिचकिचाहट के करारा जवाब देगा।

यह भी पढ़ें:- भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में BJP का TMC पर सीधा हमला, सियासत तेज

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया और जवाबी कार्रवाई में ईरान की कई छोटी नौकाएं नष्ट कर दी। ट्रंप ने आगे कहा कि हम ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं देंगे। अगर उन्होंने समझौता नहीं किया तो आगे भी हमले होंगे। हालांकि ईरान की ओर से ट्रंप के इन दावों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है। (America Iran Conflict)

होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा समुद्री संकट

संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) के जनरल सेक्रेटरी आर्सेनियो डोमिंग्वेज ने बताया कि होर्मुज संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में लगभग 1500 जहाज फंस गए हैं। इन जहाजों पर करीब 20 हजार नाविक मौजूद हैं। संकट का असर वैश्विक तेल सप्लाई, गैस व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन पर तेजी से दिखाई देने लगा है। कई देशों में ईंधन और खाद्य आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच 30 दिन तक संघर्ष रोकने के प्रस्ताव पर बातचीत जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट को व्यावसायिक जहाजों के लिए दोबारा खोला जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक अमेरिका चाहता है कि ईरान उच्च स्तर का यूरेनियम संवर्धन रोके। परमाणु सुविधाएं बंद करे। एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका या किसी तीसरे देश को सौंपे।

वहीं ईरान ने कुछ यूरेनियम कमजोर करने और बाकी रूस को सौंपने का प्रस्ताव दिया है। IMO के मुताबिक करीब 1500 जहाज खाड़ी क्षेत्र में रुके हुए हैं। तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई देशों में खाद्य संकट गहरा सकता है। वैश्विक शिपिंग कंपनियां वैकल्पिक रास्तों पर विचार कर रही हैं। इधर, इजराइल ने दावा किया है कि उसने बेरूत में हमले के दौरान हिजबुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत समेत कई कमांडरों को मार गिराया। इसके जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य ठिकानों और टैंकों पर हमले का दावा किया है। (America Iran Conflict)

अमेरिका ने लगाए नए प्रतिबंध

अमेरिका ने ईरान से जुड़े कई नेटवर्क और कंपनियों पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें इराक के डिप्टी ऑयल मिनिस्टर अली मारीज अल-बहादली का नाम भी शामिल है। अमेरिका का आरोप है कि ये नेटवर्क तेल कारोबार के जरिए ईरान और उससे जुड़े समूहों की आर्थिक मदद कर रहे थे। संयुक्त अरब अमीरात ने मिसाइल और ड्रोन खतरे को देखते हुए देशभर में अलर्ट जारी किया है। UAE की नेशनल इमरजेंसी अथॉरिटी ने लोगों से घरों और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक कई इलाकों में सुनाई दे रही तेज आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम की कार्रवाई की वजह से हैं। UAE सरकार ने यह भी कहा है कि वह ईरान की ओर से हुए हमलों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करेगी, ताकि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

होर्मुज स्ट्रेट क्यों है महत्वपूर्ण ?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक UAE पर 2800 से अधिक ड्रोन और मिसाइल हमले हुए। एयरपोर्ट, ऊर्जा केंद्र और प्रमुख इमारतें निशाने पर रही। खाड़ी देशों में सबसे ज्यादा नुकसान UAE को हुआ। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। दुनिया के कुल तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। अगर यहां संघर्ष बढ़ता है तो इसका असर कच्चे तेल की कीमतों, पेट्रोल-डीजल, गैस सप्लाई और वैश्विक व्यापार पर सीधे पड़ता है। मौजूदा हालात को देखते हुए पूरी दुनिया की नजर अब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते पर टिकी हुई है। (America Iran Conflict)

Back to top button
error: Content is protected !!