भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में BJP का TMC पर सीधा हमला, सियासत तेज

Politics on Suvendu PA Murder: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। देशभर के भाजपा नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक हिंसा और सुनियोजित हत्या बताया है। BJP नेताओं ने TMC पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस और CID मामले की जांच में जुटी हुई है। हत्या के बाद बंगाल की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल को लेकर भी तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रा की हत्या बहुत निंदनीय है। चुनाव में हार-जीत चलती है। राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। इसकी मैं निंदा करता हूं।
यह भी पढ़ें:- कार्यकर्ताओं को भड़काकर हिंसा फैलाना चाहती है TMC, भाजपा कानून के रास्ते पर चलेगी: BJP
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अब बंगाल के लोगों को एक नई आजादी मिली है, वहां लंबे समय तक टीएमसी की सरकार थी, जिसमें लोग एक तरह से कैद में थे, लेकिन बीजेपी की सरकार में लोगों को आजादी मिली है, जो भी अपराध हो रहे हैं उसे सख्ती से निपटेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वहां तेजी से विकास होगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस घटना की मैं निंदा करता हूं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिंसा का कहीं कोई स्थान नहीं होता है और इस प्रकार का जो माहौल वहां बनाने का प्रयास हो रहा है, यह उनकी हताशा, निराशा है। वहां जो डबल इंजन सरकार बनी है वह सुशासन स्थापित करेगी और भय और आतंक का वातावरण स्थापित होगा।
पुलिस चूड़ी पहनकर बैठी है: दिलीप घोष
खड़गपुर से भाजपा के विजयी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि जो घटनाएं हो रही हैं उन्हें थमना चाहिए। भाजपा सत्ता में आ चुकी है, लेकिन अभी सत्ता हमारे हाथों में आई नहीं है। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए, जो असमाजिक तत्व हैं उन्हें रोकना चाहिए। लड़ाई TMC के गुटों में हो रही है और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है। पहले जो हिंसा करते थे वही हिंसा कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता मारे जा रहे हैं। पुलिस पहले जैसे ही चूड़ी पहन कर बैठी है। पुलिस एक्टिव नहीं है। अगर वो एक्टिव होती तो ये सब नहीं होता। पुलिस को अपने स्वरूप में आना चाहिए। भाजपा नेता दिलीप हलदर ने कहा कि यह एक राजनीतिक मकसद से की गई हत्या है। डेढ़-दो महीने में चंद्रा ने नंदीग्राम और भवानीपुर में जो काम किया और पराजित होने के बाद यह शासक दल का आक्रोश है और इस आक्रोश को दूर करने के लिए यह हत्या की गई। यह एक टारगेटेड हत्या है। एक भी गोली अपने निशाने से नहीं चूकी। यह एक सोची-समझी हत्या थी। सुवेंदु अधिकारी किसी को नहीं छोड़ने वाले, कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हत्या ममता बनर्जी की हार का नतीजा है: अग्निमित्रा पॉल
BJP नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह शायद भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का नतीजा है। CCTV फुटेज की अभी जांच की जा रही है। चंद्र एक भरोसेमंद इंसान थे, वे नेता प्रतिपक्ष के दफ्तर के सारे कामकाज देखते थे, हमारे विधायकों के लिए भाई जैसे थे और कई तरह के दूसरे काम भी संभालते थे, जिस इंसान का BJP से कोई लेना-देना ही नहीं था, उसकी हत्या क्यों की गई ? जनता में भारी गुस्सा है। हमने तो शांति चाही थी, लेकिन अब परिवार जरूर जवाब मांगेगा। हमारे एक बूथ कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किया गया और वह अभी अस्पताल में भर्ती है। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि बंगाल का जो गुंडाराज है, जिसके खिलाफ वोट डालकर जनता ने उसे खत्म किया है। उससे जुड़े लोग उसी दिन से वहां आतंक मचाए हुए हैं, लेकिन चिंता की कोई जरूरत नहीं है। हमारे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वहां शांति कर देंगे। (Politics on Suvendu PA Murder)
भाजपा बंगाल की जनता के साथ खड़ी है: चुघ
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या और बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता रोहित राय पर गोलीबारी, यह कोई सामान्य घटनाएं नहीं हैं, बल्कि सुनियोजित राजनीतिक हिंसा का TMC का ‘खेला होबे’ मॉडल इसमें स्पष्ट दिख रहा है। भाजपा बंगाल की जनता के साथ खड़ी है। हर गुंडे को सजा मिलेगी। एक भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा, जो बंगाल को जलाना चाहते हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बंगाल में कल जिस तरह सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या हुई, उस पर मैं यही कहूंगा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। जिन लोगों ने यह कृत्य किया है या जिनसे कराया गया है वह उनकी हताशा दर्शाती है। मुझे पूरा भरोसा है कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद उन लोगों को कठोर सजा मिलेगी। इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
TMC नफरत की राजनीति करती है: धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि TMC नफरत की राजनीति करती रही है, यह इससे ध्यान में आता है कि जब जनादेश मिल चुका है और पूरा बंगाल भाजपा के साथ खड़ा है, उसके बाद भी इस तरह का दौर जारी है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और यह TMC की मानसिकता को उजागर करता है। ममता बनर्जी ने जो कहा है कि इस्तीफा नहीं दूंगी, वह भी उनकी अराजकतावादी सोच को उजागर करता है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि यह बहुत दुखद है। कल शाम उनके PA की हत्या कर दी गई थी। बंगाल अराजकता से जूझ रहा है। हमें कल उसका एक बार फिर प्रमाण मिला है। भाजपा के हाथों में बंगाल की कमान है। सरकार बनते ही बंगाल में ऐसे हिंसक अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। (Politics on Suvendu PA Murder)
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा: पूनावाला
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि TMC का मतलब बन चुका है ‘टोटल माफिया कल्चर’, सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी की जो हत्या की गई है। वह एक पूर्व नियोजित टारगेटेड सुपारी किलींग है और जो महाजंगलराज TMC ने 15 साल में बनाया है, यह उसका सीधा परिणाम है। इसके पीछे जो भी अपराधी होंगे, भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि TMC के बदमाश घबराए हुए हैं। मैं उन्हें चेतावनी देना चाहता हूं कि एक भी नहीं बचेगा। जिन्होंने बंगाल में भय का वातावरण बनाया, अराजकता का वातावरण बनाया, संविधान के विरोध का वातावरण बनाया उन्हें भारत की न्याय प्रणाली के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। भाजपा नेता देबाशीष धर ने कहा कि ममता बनर्जी हारने के बाद भी इस्तीफा नहीं दी हैं और हम एक ही बात कहेंगे कि वो लोग बंगाल में ऐसा माहौल दिखाएंगे ताकि राष्ट्रपति शासन लगे। ये सब घटना ही इसको साबित कर रहे हैं कि ये सब TMC द्वारा हो रहा है। 15 साल के जंगलराज को एक दिन में तो नहीं ठीक कर सकते हैं, लेकिन हम इसे 100 दिन के अंदर सही रास्ते पर ला देंगे।
बंगाल में कानून का राज स्थापित होगा: राम कृपाल
भाजपा नेता शंकर घोष ने कहा कि हम सभी चुनौती के लिए तैयार हैं, जिस तरह से बंगाल में हत्या हो रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये बंद करना पड़ेगा और मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार बनने के बाद ये हमारी प्राथमिकता में रहेगा। हत्या मामले की जांच चल रही है। CID जांच कर रही है, जिसके बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बंगाल में जो हिंसा हो रही है, जो सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या हुई वह बहुत दुखद है। इस तरह के गुंडों के खिलाफ वहां की सरकार कार्रवाई करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह दुखद घटना है। बंगाल को जिस गुंडागर्दी, तानाशाही के लिए जाना जाता था उसी को समाप्त करने के लिए जनता ने भाजपा को दो तिहाई बहुमत दिया। वहां इस तरह के लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है, लेकिन जब सरकार का गठन हो जाएगा, कानून का राज स्थापित होगा तो इन लोगों पर अंकुश और लगाम लगेगा।
जनता ने उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा को जीत दिलाई है: कुशवाहा
राजभर ने कहा कि जैसे उत्तर प्रदेश में स्थिति थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने उसे ठीक किया, वैसे ही वहां सरकार बनने के बाद अपराधी जेल की सलाखों में होंगे। शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा कि 41 साल के चंद्रनाथ रथ का देहांत होता है और TMC कहती है कि यह भाजपा का प्रोपेगैंडा है। हमारी मांग है कि इसमें कड़ी कार्रवाई हो, CBI जांच हो। वे सिर्फ एक PA नहीं थे, वे पूर्व IAF भी थे, जब एक व्यक्ति का ‘बदले की राजनीति’ के कारण देहांत होता है, तो यह TMC की हताशा को दर्शाता है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बौखलाहट में कुछ तो लोग करेंगे। 2-4 दिन में नई सरकार गठित होगी और दोषियों को कड़ी सजा होगी। JDU नेता रत्नेश सदा ने कहा कि जनता ने वहां हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा को जीत दिलाई है। ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई होगी।



