Google Analytics —— Meta Pixel

भारत के प्रति प्रेम हम सभी को एक साथ जोड़ता है: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah in Mizoram: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थित में मिज़ोरम के आइजॉल में असम राइफल्स बटालियन और मिज़ोरम सरकार के बीच भूमि का हस्तांतरण और नक्शों का औपचारिक आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान मिज़ोरम के मुख्यमंत्री ललदुओमा, केंद्रीय गृह सचिव, निदेशक, आसूचना ब्यूरो और महानिदेशक, असम राइफल्स समेत कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि असम राइफल्स ने भाईचारे के माध्यम से सुरक्षा के मार्गदर्शक सिद्धांत के माध्यम से मिज़ोरम के लोगों की सेवा की है। बल ने लोगों के लाभ के लिए अपनी भूमि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा राज्य सरकार को सौंपकर लोगों के प्रति प्रतिबद्धता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया। यह निश्चित रूप से बल के लोगों के साथ दोस्ती के बंधन को मजबूत करने में मदद करेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में एक लंबा रास्ता तय करेगा।

यह भी पढ़ें:- RJD नेता तेज प्रताप यादव ने पुलिसकर्मी को दी धमकी, बीजेपी और JDU हुई हमलावर

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम मिज़ोरम के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि लगभग 35 साल से विशिष्ट प्रकार की टोपोग्राफी और जगह की कमी के कारण बहुत समय से यह मांग थी कि आइजॉल समेत पूरे मिज़ोरम के विकास के लिए असम राइफल्स को इंटीरियर में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि PM मोदी के दूरदर्शी निर्णय के कारण मिज़ोरम के प्रमुख एरिया में बड़ी भूमि उपलब्ध होने जा रही है, जिससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक महत्वपूर्ण निर्णय के कारण लगभग 30-35 साल पुरानी यह मांग पूरी हो रही है। यह सिर्फ एक प्रशासनिक निर्णय नहीं है, बल्कि मिज़ोरम की जनता के प्रति मोदी सरकार की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय मिज़ोरम के विकास के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है। (Amit Shah in Mizoram)

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि 1890 में आइज़ॉल में सेना का पहला कैंप बनने से लेकर आज तक के इतिहास में यह सबसे बड़ा निर्णय माना जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार पिछले 10 साल से पूरे नॉर्थईस्ट को मजबूत और एकजुट करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार नॉर्थईस्ट में टूरिज्म से लेकर टेक्नोलॉजी तक, स्पोर्ट्स से लेकर अंतरिक्ष तक, कृषि से लेकर उद्यमिता तक, हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम गढ़ रही है। शाह ने कहा कि आज़ादी से 2014 तक देश के सभी प्रधानमंत्रियों ने कुल 21 बार नॉर्थईस्ट का दौरा किया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से आज तक 78 बार नॉर्थईस्ट का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नॉर्थईस्ट के मंत्रियों के अलावा 2014 से पहले अन्य मंत्रियों के नॉर्थईस्ट के कुल 71 दौरे हुए थे, जबकि इन पिछले 10 साल में केंद्रीय मंत्रियों के 700 से ज्यादा दौरे हुए हैं। (Amit Shah in Mizoram)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नॉर्थईस्ट में विकास तो हो ही रहा है, लेकिन इसके साथ ही नॉर्थईस्ट में अभूतपूर्व शांति स्थापित करने का काम भी PM नरेंद्र मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि मिज़ोरम में 2500 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 502-ए पर एक पैकेज-1 और पैकेज-3 शुरू किए गए हैं, 1742 करोड़ रुपए की लागत से आइज़ॉल और कोलासिब जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर फोर लेन रोड का निर्माण करना, 1600 करोड़ रुपए से आइज़ॉल-तुइपंग राष्ट्रीय राजमार्ग 54 को डबल लेन करने का काम और मिज़ोरम में अनेक स्थानों पर 100 करोड़ रुपए की लागत से बांस के लिंक रोड शुरू करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ रुपए की लागत से 10 हैलीपैड बनाए गए हैं। 5 हजार करोड़ रुपए की लागत से बैराबी-सैरांग रेलवे को शुरू किया गया है। 600 करोड़ रुपए की लागत से 164 बिस्तर वाला सुपर स्पेश्यिलिटी रिसर्च सेंटर आज मिज़ोरम में बन रहा है। (Amit Shah in Mizoram)

उन्होंने कहा कि 1300 करोड़ रुपए की लागत से तुइरियल हाइड्रो पावर परियोजना भी शुरू की गई है। इसके अलावा 214 मोबाइल टावर लगाकर मोबाइल कनेक्टिविटी को सुनिश्चित करने का काम किया गया है। शाह ने कहा कि एक विकसित, शांत, सुरक्षित और सुंदर मिज़ोरम के लिए भारत सरकार पूरी तरह से कटिबद्ध है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि भारत के प्रति प्रेम हम सभी को जोड़ता है। आइजोल में मिज़ोरम की वंडर किड एस्तर लालदुहावमी हनामते को वंदे मातरम गाते हुए सुनकर मैं बहुत भावुक हो गया। 7 साल की इस बच्ची का भारत माता के प्रति प्रेम उसके गीत में झलक रहा था, जिससे उसे सुनना एक अद्भुत अनुभव बन गया। उसे एक गिटार उपहार में दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। (Amit Shah in Mizoram)

Back to top button
error: Content is protected !!