RJD नेता तेज प्रताप यादव ने पुलिसकर्मी को दी धमकी, बीजेपी और JDU हुई हमलावर

BJP on Tej Pratap: बिहार के पूर्व CM लालू प्रसाद यादव के बेटे और RJD नेता तेज प्रताप यादव का पुलिसकर्मी को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर बीजेपी और JDU RJD पर हमलावर हो गई है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि तेज प्रताप यादव के पास किसी को निलंबित करने का अधिकार नहीं है और वे पुलिस और वर्दी का अपमान करने वाले परिवार से संबंधित हैं। इनका घराना नाटक-नौटंकी के लिए ठीक है। उन्हें सरकार चलाने के लिए अयोग्य माना जाएगा। बिहार सरकार में मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि तेज प्रताप यादव जिस तरह से बिहार की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को आदेश दे रहे हैं, वे फिर से जंगलराज की याद दिला रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर रही कांग्रेस सरकार: BJP
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है और पुलिस अधिकारी, कर्मचारी सुरक्षा के लिए लगे हैं, नाचने-गाने के लिए नहीं। तेज प्रताप को सस्पेंड करने का कोई अधिकार नहीं है, उन्हें नियम और कानून की जानकारी होनी चाहिए। ये बहुत निंदनीय है। तेज प्रताप यादव को माफी मांगनी चाहिए और अपनी गलती के लिए खेद व्यक्त करना चाहिए। आने वाले समय में जनता उन्हें सबक सिखाएगी। JDU सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि उस पार्टी का क्या हाल है आप सोच लीजिए। बिहार की जनता सब देख रही है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इससे पता चलता है कि तेज प्रताप यादव के संस्कार क्या हैं, यह हाल तब है जब आज बिहार में उनकी सरकार नहीं है। उन दिनों की कल्पना करें जब बिहार में उनकी सरकार थी तब उन्होंने क्या कुछ पुलिसकर्मियों, अधिकारियों से नहीं कराया होगा। इससे साफ पता चलता है कि ये अंग्रेजी मानसिकता के लोग हैं और ये हर किसी को अपना नौकर समझते हैं। यह बहुत खराब बात है। (BJP on Tej Pratap)
जैसा बीज बोया जाता है, वैसा ही पौधा उगता है: सिन्हा
बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जैसा बीज बोया जाता है, वैसा ही पौधा उगता है। राजद की संस्कृति वही है, जो जंगलराज के दौरान थी। इसमें कुछ भी नया नहीं है। राजद की संस्कृति कानून की धज्जियां उड़ाना, संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का मजाक उड़ाना है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जैसे पिता वैसे पुत्र। पिता मुख्यमंत्री थे, परिवार की सत्ता थी, बिहार को जंगलराज बनाए रखा था। उन्होंने कानून को अपने इशारों पर नचाया। अब वह सत्ता से बाहर हैं, लेकिन उनका DNA वही है, वह जंगलराज वापस लाना चाहते हैं। कानून और वर्दी पहनने वाले व्यक्ति का सम्मान करने के बजाय, तेज प्रताप यादव ने वर्दी पहनने वाले व्यक्ति का जो अपमान किया है, उससे पता चलता है कि जंगल राज उनकी मानसिकता, DNA में है, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि बिहार अब बदल गया है। अब यहां सुशासन है। (BJP on Tej Pratap)
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कसा तंज
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उन्होंने अपने बॉडीगार्ड को नाचने के लिए कहा, नहीं तो वे उसे सस्पेंड कर देंगे। उनके पास किसी को सस्पेंड करने की शक्ति और अधिकार नहीं है। यह जंगलराज नहीं है, यह नीतीश कुमार की सरकार है, सुशासन है। ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। RJD के लोग अपनी मानसिकता से बाहर नहीं आए हैं इसलिए इस तरह की भाषा बोल रहे हैं। दरअसल, पटना में अपने आवास पर होली समारोह के दौरान RJD नेता तेज प्रताप यादव पुलिसकर्मी को नाचने के लिए कहा था। साथ ही नहीं नाचने पर निलंबत कराने की धमकी दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। (BJP on Tej Pratap)
RJD नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा
वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराध बढ़ रहा है, अपराधी बेलगाम हैं। मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। बिहार में हर दिन 200 हत्याएं हो रही हैं, ज्वेलरी शोरूम की लूट, अपहरण, बलात्कार हो रहे हैं। नीतीश कुमार जमीनी स्तर पर रिपोर्ट लेंगे तो उनके प्रशासन स्तर पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। उनके राज में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी मारे गए हैं। अपराधी नियंत्रण से बाहर हैं, क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध पूरे बिहार में हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत से कोई सरोकार नहीं है। नीतीश कुमार गृहमंत्री भी हैं, लेकिन बिहार की कानून व्यवस्था को ठीक करना उनके बस में नहीं है। (BJP on Tej Pratap)



