Google Analytics —— Meta Pixel

वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर रही कांग्रेस सरकार: BJP

BJP on Siddaramaiah Government: कर्नाटक में मुस्लिम कॉन्ट्रैक्टर्स को सरकारी टेंडर में आरक्षण देने के फैसले को लेकर बीजेपी ने आपत्ति जताई है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने अपने बजट में मुस्लिम समुदाय के ठेकेदारों के लिए 4% आरक्षण देने की घोषणा की है। नौकरी में तो समझ आता था, लेकिन अब सरकारी ठेकों में भी आरक्षण हो रहा है। कम्युनल राजनीति और वोट बैंक की राजनीति को एक नया आयाम दिया जा रहा है। बार-बार हारने के बावजूद विपक्ष के हालात नहीं सुधरते। भाजपा की ओर से और भाजपा के राष्ट्रीय मंच की ओर से हम यह बहुत जिम्मेदारी के साथ कहना चाहते हैं कि यह सब राहुल गांधी के इशारे से हो रहा है।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस सरकार मुस्लिम कॉन्ट्रैक्टर्स को देगी 4 प्रतिशत आरक्षण, कैबिनेट से पास हुआ प्रस्ताव

उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक सरकार के इस फैसले के खिलाफ है, जिसका हम विरोध करते रहेंगे। सरकारी ठेकों में आरक्षण पूरी तरह से असंवैधानिक है। सामाजिक पिछड़ेपन के आधार पर इसकी अनुमति दी जा सकती है, लेकिन किसी धार्मिक समुदाय को सीधे तौर पर आरक्षण देना स्वीकार्य नहीं है। इससे पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की सोच कैसी है, जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी वोटबैंक और तुष्टिकरण की पॉलिटिक्स में रोज एक नया पैमाना बना रही है, वो देश के लिए खतरा है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तुष्टिकरण के बजाय संतुष्टिकरण पर बल देते हैं। (BJP on Siddaramaiah Government)

बीजेपी ने सरकार के फैसले को लेकर जताई आपत्ति

बीजेपी ने कहा कि कर्नाटक के हिंदू बहुसंख्यक कांग्रेस को वोट देने की कीमत चुका रहे हैं। जो शुरू हुआ- हिजाब विवाद, टीपू सुल्तान का महिमामंडन और हिंदू विरोधी पाठ्यपुस्तकों के पुनर्लेखन से। अब मुस्लिम टेंडर कोटा के माध्यम से आर्थिक जिहाद तक पहुंच गया है। कांग्रेस के ‘आर्थिक जिहाद’ को उजागर करने का समय आ गया है। उनका फॉर्मूला- मुस्लिम आरक्षण, मुस्लिम छात्रवृत्ति, मुस्लिम ठेकेदार और मुस्लिम तुष्टिकरण पर केंद्रित है। इसमें हिंदुओं के लिए सिर्फ अन्याय और अपमान है। कर्नाटक कांग्रेस ने मुस्लिम ठेकेदारों के लिए सरकारी निविदाओं में 4% आरक्षण देने के लिए KTPP अधिनियम में संशोधन किया है। यह अल्पसंख्यकों का सरासर तुष्टिकरण और OBC, SC और ST पर खुला हमला है। कांग्रेस ने OBC से 4% छीनकर उसे ‘श्रेणी-II B’ के तहत मुसलमानों को सौंप दिया है। यह कांग्रेस की दुर्भावनापूर्ण मशीनरी का पूरा पर्दाफाश है। (BJP on Siddaramaiah Government)

डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने दी सफाई

इधर, कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने मुस्लिम ठेकेदारों के लिए 4% आरक्षण को मंजूरी दिए जाने को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि 4 प्रतिशत आरक्षण केवल मुसलमानों के लिए नहीं है, बल्कि यह सभी अल्पसंख्यकों और पिछड़ा वर्गों के लिए है। उन्होंने कहा कि आरक्षण नौकरियों या शिक्षा के लिए नहीं है, बल्कि ठेकेदारों को 1 करोड़ रुपए तक की सरकारी परियोजनाओं के लिए बोली लगाने के लिए है। वहीं कांग्रेस विधायक रिजवान ने कहा कि कांग्रेस हर अल्पसंख्यक समुदाय खासकर समाज के कमजोर वर्ग को बराबर के मौके देना चाहती है। ऐसा करना तुष्टिकरण की राजनीति नहीं है और ठेकेदारी के पूरे कारोबार पर अपर क्लास का दबदबा है। (BJP on Siddaramaiah Government)

Back to top button
error: Content is protected !!