राहुल गांधी और कांग्रेस पर बरसे अमित शाह, बोले- देश की एकता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता
राहुल गाँधी के बयान से कांग्रेस का आरक्षण विरोधी चेहरा फिर देश के सामने आया है

Amit Shah On Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती पर कुछ ऐसा बयान दे दिया, जिसे लेकर अब भाजपा को उन्हें घेरने का मौका मिल गया है. अमेरिका के जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में राहुल गांधी ने आरक्षण खत्म करने को लेकर बयान दिया, जिसके बाद बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पार्टी और राहुल को आड़े हाथ लिया।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- अभी भारत में आरक्षण खत्म करने की स्थिति नहीं, बताया कब होगा खत्म
राहुल गांधी ने फिर दिखाया कांग्रेस का आरक्षण विरोधी चेहरा
अमित शाह ने कहा कि भाषा से भाषा, क्षेत्र से क्षेत्र और धर्म से धर्म में भेदभाव लाने की बात करना राहुल गांधी की ‘विभाजनकारी’ सोच को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आरक्षण को समाप्त करने की बात कहकर कांग्रेस का आरक्षण विरोधी चेहरा एक बार फिर से देश के सामने लाने का काम किया है. उन्होंने कहा, ‘‘मन के विचार और सोच किसी न किसी माध्यम से बाहर आ ही जाती है. मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि जब तक भाजपा है, आरक्षण को कोई छू भी नहीं सकता और देश की एकता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता.’
कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी
राहुल गांधी ने जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद के दौरान सोमवार को कहा था कि कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे और फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है. इसके अलावा राहुल गांधी के भारत में सिखों को कड़े और पगड़ी पहनने को लेकर दिए बयान की भी चारों तरफ निंदा और आलोचना की जा रही है. कई सियासी दलों के नेता और बुद्धिजीवी राहुल गांधी से 1984 में हुए सिख विरोधी दंगे का हिसाब भी मांग रहे हैं। (Amit Shah On Rahul Gandhi)
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद राहुल अभी अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर हैं. इस दौरान उन्होंने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी और वर्जीनिया के उपनगर हर्नडॉन सहित कई अन्य स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित किया और भारत में लोकतंत्र तथा चुनाव सहित कई मुद्दों पर अपना पक्ष रखा. भाजपा के नेता उनकी टिप्पणियों को भारत विरोधी बता रहे हैं और उन पर पिछले कुछ दिनों से हमले कर रहे हैं. राहुल ने मंगलवार को वाशिंगटन में ‘नेशनल प्रेस क्लब’ में संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत में लोकतंत्र को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया है लेकिन अब लोकतंत्र फिर से पटरी पर लौट रहा है। (Amit Shah On Rahul Gandhi)



