छत्तीसगढ़ में 18 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, बॉयफ्रेंड समेत पांच आरोपी
दो आरोपी गिरफ्तार, 112 वाहन चालक भी आरोपियों में शामिल
Chhattisgarh Crimes News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बाकी मोंगरा थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता के बॉयफ्रेंड ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- बांग्लादेश से सबक लो वरना अंजाम तय है – जाति-धर्म की राजनीति पर सीएम योगी का बड़ा हमला
पीड़िता ने मामले की शिकायत सीधे कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जांच और कार्रवाई के लिए मामला बाकी मोंगरा थाना को स्थानांतरित किया गया। (Chhattisgarh Crimes News)
8–9 जनवरी की रात हुई वारदात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि यह घटना 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात की है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—तरुण श्रीवास और भुवन—को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में कुल पांच आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें 112 आपातकालीन सेवा वाहन का चालक भी शामिल है, जो इस मामले को और गंभीर बना देता है। शेष तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मेडिकल परीक्षण, सख्त कार्रवाई का भरोसा
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि
“दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
यह मामला एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा, भरोसे के नाम पर होने वाले अपराध और सिस्टम की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। (Chhattisgarh Crimes News)



