Google Analytics —— Meta Pixel

पीएम आवास पर भूपेश की चुनौती पर अरुण साव का पलटवार, बोले- ‘इटालियन चश्मे’ से सच्चाई नहीं दिखती

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बहस की चुनौती पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनकी आंखों पर ‘इटालियन चश्मा’ लगा हो और जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते 18 लाख परिवारों को पीएम आवास से वंचित किया, वे किस बात पर बहस करेंगे। साव ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है।

‘यही मुख्यमंत्री का कर्तव्य है’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त तेवर को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि राज्य के मुखिया होने के नाते जहां लोगों को समस्या हो, वहां उनके साथ खड़ा होना और उनकी मदद करना मुख्यमंत्री का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री साय भी यही काम कर रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार के ‘सुशासन’ का हिस्सा बताया।

तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए केंद्र से मिलती है राशि

तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राशि जारी किए जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत तालाबों के विकास और जीर्णोद्धार के लिए राशि आवंटित करती है। प्रदेश में भी इन योजनाओं के तहत लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी के तहत बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।

सेवा संकल्प अभियान में मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंत्रियों को जिम्मेदारी दिए जाने पर अरुण साव ने कहा कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और तब से मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में 12 अलग-अलग प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में भी इसकी व्यापक तैयारी की गई है।

साव ने कहा कि इन सभी 12 योजनाओं के लिए संगठन और सरकार स्तर पर तैयारी की जा रही है और सभी संबंधित लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!