7 साल बाद भारत पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, BRICS समिट में होंगे शामिल, शाम को PM मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात

Xi Jinping in India: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को 7 साल बाद भारत पहुंचे। राजधानी दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। जिनपिंग नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS समिट में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। ऐसे में उनकी भारत यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। शी जिनपिंग के भारत पहुंचने के बाद आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। यह बैठक शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच भारत मंडपम में हो सकती है। दोनों नेताओं की मुलाकात पर भारत-चीन संबंधों की आगे की दिशा को लेकर खास नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें:- पीएम आवास पर भूपेश की चुनौती पर अरुण साव का पलटवार, बोले- ‘इटालियन चश्मे’ से सच्चाई नहीं दिखती
BRICS शिखर सम्मेलन इस लिहाज से भी खास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन करीब 10 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। तीनों नेता इससे पहले 2016 के गोवा BRICS शिखर सम्मेलन में एक साथ मौजूद थे। 15 अक्टूबर 2016 को गोवा में BRICS सम्मेलन से पहले तीनों नेताओं की एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन भारतीय पारंपरिक अंदाज के कपड़ों में नजर आए थे। शी जिनपिंग का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2020 के गलवान संघर्ष के बाद पहली बार वह भारत आए हैं। गलवान हिंसा के बाद भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC पर लंबे समय तक तनाव की स्थिति रही। करीब चार साल तक सीमा पर तनाव के बाद अब दोनों देश कई स्तरों पर संबंधों को सामान्य करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सीमा विवाद के साथ-साथ व्यापार, सैन्य संपर्क और दोनों देशों के बीच संवाद बढ़ाने जैसे मुद्दे भी एजेंडे में हैं।
चीन ने भारत के लिए फिर शुरू की फ्लाइट सेवा
सीमा विवाद को लेकर दोनों देश एक विशेषज्ञ समूह बनाने पर सहमत हुए हैं। इसके अलावा सीमा पर दो अतिरिक्त सैन्य संपर्क केंद्र और पूर्वी समेत मध्य सेक्टर में दो सैन्य हॉटलाइन बनाने पर भी सहमति बनी है। इन फैसलों को अब दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलनी है। भारत और चीन के रिश्तों में व्यापार एक बड़ा मुद्दा है। 2025-26 में भारत ने चीन से करीब 11.4 लाख करोड़ रुपए का सामान आयात किया। इसके चलते चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 8.6 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच होने वाली बैठक में सीमा के साथ-साथ व्यापार और आर्थिक संबंधों को लेकर भी चर्चा की संभावना है। भारत-चीन संबंधों में सुधार के बीच विमान सेवा को लेकर भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। चाइना सदर्न एयरलाइंस करीब छह साल बाद भारत के लिए नियमित यात्री उड़ानें फिर शुरू करने जा रही है। (Xi Jinping in India)
जिनपिंग के साथ चीन के बड़े अधिकारी भी पहुंचे
एयरलाइन 21 सितंबर से ग्वांगझू-नई दिल्ली रूट पर नियमित उड़ान सेवा बहाल करेगी। सेवा बहाल होने के बाद एयरलाइन दक्षिण एशिया में आठ राउंड-ट्रिप रूट पर हर सप्ताह 100 से ज्यादा उड़ानें संचालित करेगी। भारत में चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने भी दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कज़ान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा, जब प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक-दूसरे से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि चीन दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन को लागू करने, द्विपक्षीय संबंधों को दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत बढ़ाने और सहयोग मजबूत करने के लिए भारत के साथ काम करेगा। शी जिनपिंग के साथ चीन का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है। उनके साथ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य और CPC सेंट्रल कमेटी के जनरल ऑफिस के डायरेक्टर काई ची समेत चीन के विदेश मंत्री और CPC सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य वांग यी भी शामिल हैं।
BRICS को लेकर क्या है एजेंडा ?
इस साल BRICS की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी है। चीन की ओर से इसे ग्लोबल साउथ के देशों के बीच व्यापार, तकनीक, वित्तीय सहयोग और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के मंच के तौर पर महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। BRICS में साझा करेंसी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक नई मुद्रा लॉन्च करने की योजना नहीं है। हालांकि सदस्य देश डॉलर पर निर्भरता कम करने के लिए आपसी कारोबार में स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहे हैं। इनमें भारतीय रुपया, रूसी रूबल और चीनी युआन जैसी मुद्राएं शामिल हैं। BRICS देशों के बीच स्थानीय मुद्राओं में कारोबार बढ़ने से भुगतान की लागत कम करने, भारतीय निर्यात को बढ़ावा देने और डॉलर के उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि वैश्विक वित्तीय व्यवस्था में डॉलर का दबदबा जल्द खत्म होना आसान नहीं माना जा रहा है। (Xi Jinping in India)
भारत मंडपम में आज कई अहम कार्यक्रम
BRICS शिखर सम्मेलन के तहत आज राजधानी दिल्ली में कई कार्यक्रम होंगे। दोपहर 2 बजे BRICS देशों के नेता पहुंचेंगे। दोपहर 2:35 बजे बंद कमरे में नेताओं की बैठक होगी। शाम 4:25 बजे ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी होगी। शाम 5:05 बजे BRICS नेताओं की फैमिली फोटो होगी। शाम 5:10 बजे सभी नेता वृक्षारोपण करेंगे। शाम 6 से 7 बजे प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है। शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी की ओर से गाला डिनर का आयोजन होगा। भारत पहुंचने के बाद शी जिनपिंग पालम एयरपोर्ट से अपनी विशेष Hongqi N701 स्टेट लिमोजिन से रवाना हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह करीब 18 फीट यानी 5.5 मीटर लंबी खास कार है, जिसे चीन के राष्ट्रपति के लिए तैयार किया गया है। रिपोर्ट्स में इस कार को बुलेटप्रूफ और ब्लास्ट-रेजिस्टेंट सुरक्षा से लैस बताया गया है। इसमें करीब 21 इंच के खास टायर होने और नुकसान के बाद भी कुछ दूरी तक चलने की क्षमता होने का दावा किया जाता है। कई रिपोर्ट्स में इसमें V12 इंजन होने की भी बात कही गई है। यह कार आम लोगों की बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। साथ ही इन खूबियों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। (Xi Jinping in India)
महाबलीपुरम के बाद अब दिल्ली में मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की पिछली भारत यात्रा के दौरान 11 अक्टूबर 2019 को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में मुलाकात हुई थी। इसके बाद 2020 में गलवान संघर्ष के चलते दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। अब सात साल बाद शी जिनपिंग के भारत पहुंचने और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी आमने-सामने की बैठक से दोनों देशों के रिश्तों में नए दौर की उम्मीदों पर नजर है। सीमा विवाद, व्यापार घाटा, सैन्य तनाव, उड़ान सेवाओं की बहाली और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों के बीच यह बैठक भारत-चीन संबंधों के लिए अहम पड़ाव मानी जा रही है। भारत में चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने कहा कि चीन और भारत, राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की व्यवस्था कर रहे हैं। कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा, जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे। चीन, दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत बढ़ाने, सहयोग को मजबूत करने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने और अच्छे पड़ोसी समेत एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर दोस्ती निभाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा।

चीनी पत्रकार रेन यान ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का 7 लंबे सालों बाद भारत का दौरा है। चीन और भारत अच्छे पड़ोसी हैं और दोनों की सभ्यताएं भी महान हैं। मुझे लगता है कि ब्रिक्स समिट ने चीन और भारत के नेताओं को एक साथ मिलने और कई मुद्दों पर चर्चा करने का एक अच्छा मंच दिया है। इसलिए मुझे लगता है कि दोनों देशों के नेताओं के लिए हमारे देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने का यह एक अच्छा मौका है। उन्होंने आगे कहा कि इस साल ब्रिक्स की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ है। पिछले 20 सालों से ब्रिक्स ने ग्लोबल साउथ देशों को व्यापार, टेक्नोलॉजी और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग करने के लिए एक अच्छा मंच दिया है। मुझे लगता है कि ब्रिक्स ग्लोबल साउथ देशों को कई क्षेत्रों जैसे कि फाइनेंशियल सेक्टर में और करीब से निवेश करने के लिए एक अच्छा मंच देगा। सात साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग की पीएम मोदी से मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है। गलवान के बाद रिश्तों में आई तल्खी के बीच सीमा, कारोबार और सहयोग पर बातचीत अहम होगी। अब देखना होगा कि मोदी-जिनपिंग की मुलाकात से भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा मिलती है या नहीं।



