असम में पूर्व CM भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस-बीजेपी ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप

Attack on Baghel Convoy: असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव के मामले ने छत्तीसगढ़ की सियासत को भी गरमा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और कांग्रेस के अन्य नेताओं के काफिले पर सोमवार को पथराव की घटना सामने आई। घटना के दौरान कुछ वाहनों के शीशे टूटने और कांग्रेस नेताओं के घायल होने का दावा किया गया है। कांग्रेस ने इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी का परिणाम बताया है। दरअसल, नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस नेताओं का काफिला समागुड़ी इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले पर पत्थर और बोतलें फेंके जाने की बात सामने आई।
यह भी पढ़ें:- सिर्फ कॉल-SMS करने वालों के लिए राहत, TRAI ने जारी किए नए टैरिफ नियम, जानिए आपके लिए क्या बदला ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा की गाड़ी के शीशे टूटे, जबकि कांग्रेस ने अपने कुछ नेताओं के चोटिल होने का भी दावा किया है। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने हस्तक्षेप किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूर्व CM भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि चुनावी कार्यक्रम में जाते और लौटते समय उनके काफिले को निशाना बनाया गया। बघेल का दावा है कि उनकी और गौरव गोगोई की कार पर भी हमला किया गया और कार के शीशे बंद होने के कारण वे सुरक्षित रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मोटरसाइकिलों पर सवार लोग काफिले का पीछा कर रहे थे। बघेल ने घटना को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि लड़ाई को गांधीवादी तरीके से लड़ा जाएगा। कांग्रेस की ओर से घटना की शिकायत पुलिस अधिकारियों से किए जाने और कार्रवाई की मांग की गई है। (Attack on Baghel Convoy)
PCC चीफ दीपक बैज ने भाजपा पर साधा निशाना
मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने असम में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव को चिंता का विषय बताया। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा वहां डरी और घबराई हुई है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हमला करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। CM साय ने भूपेश बघेल के पुराने राजनीतिक प्रभारों का जिक्र करते हुए कहा कि जब बघेल पंजाब के प्रभारी थे, तब भी उनका विरोध हुआ था और अब असम में भी विरोध देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है।
जहां जाते हैं, बंटाधार वाला काम होता है: सांसद संतोष पांडे
उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस देश और प्रदेश में सत्ता में रही, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में जनता ने उसे नकार दिया है और अलग-अलग जगहों पर कांग्रेस नेताओं का विरोध सामने आ रहा है। CM साय ने कांग्रेस को अपने घर की स्थिति देखने की नसीहत भी दी और कहा कि पार्टी को पहले अपनी अंदरूनी स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडे ने भी भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उसमें कांग्रेस के झंडे दिखाई दे रहे हैं और हमलावर कांग्रेस के ही लोग हो सकते हैं। पांडे ने कांग्रेस के आरोपों को फालतू की बयानबाजी बताया। उन्होंने भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते बस्तर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि उनके शासनकाल में भाजपा के प्रचारकों तक के लिए वहां राजनीतिक गतिविधियां मुश्किल थी। संतोष ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए। (Attack on Baghel Convoy)
जायसवाल ने गुटीय राजनीति की ओर किया इशारा
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी असम की घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस के बीच चल रही गुटीय राजनीति का परिणाम भी हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराना निंदनीय है। जायसवाल ने भूपेश बघेल के पंजाब प्रभारी रहने के दौरान कांग्रेस नेताओं के बीच हुए विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस के लोगों के खिलाफ बैनर लगाए जाने जैसी घटनाएं सामने आई थी। असम की घटना अब छत्तीसगढ़ में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बन गई है। कांग्रेस जहां इसे चुनावी हिंसा और कांग्रेस नेताओं पर हमले से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा नेता कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर इसे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी से जोड़ रहे हैं। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोप अलग-अलग हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई की गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। ऐसे में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पथराव के लिए वास्तव में कौन जिम्मेदार था।



