अमेरिका में धार्मिक स्वतंत्रता पर उठे सवाल, 90 फीट हनुमान प्रतिमा पर विवाद क्यों ?

Hanuman Statue in America: अमेरिका अपनी धर्मनिरपेक्षता और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए जाना जाता है, लेकिन वर्तमान में वहां एक बड़े धार्मिक और राजनीतिक विवाद ने जन्म ले लिया है। मामला टेक्सास के शुगर लैंड स्थित अष्टलक्ष्मी मंदिर परिसर का है, जहां स्थापित भगवान हनुमान की 90 फीट ऊंची प्रतिमा को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। दो साल पहले यानी अगस्त 2024 में टेक्सास के इस मंदिर परिसर में भगवान हनुमान की 90 फीट ऊंची प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। इस भव्य प्रतिमा को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनियन’ नाम दिया गया है, जो उत्तरी अमेरिका में भगवान हनुमान की सबसे ऊंची प्रतिमा है, लेकिन हाल ही में यह मूर्ति कुछ कट्टरपंथी अमेरिकी और रिपब्लिकन पार्टी समर्थकों के निशाने पर आ गई है। इसे अमेरिका के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए सोशल मीडिया और सड़कों पर विरोध शुरू हो गया है।
यह भी पढ़ें:- असम में पूर्व CM भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस-बीजेपी ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
जेसी ह्यूजेस और बो फ्रेंच जैसे कुछ अमेरिकी यूट्यूबर और राजनीतिक चेहरों ने इस प्रतिमा को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी प्रतिमा ईसाई राष्ट्र की संस्कृति और अमेरिकी मूल्यों से मेल नहीं खाती। कुछ कट्टरपंथियों ने तो यहां तक चेतावनी दी है कि अगर वे मिड-टर्म चुनाव जीत जाते हैं तो इस प्रतिमा को गिरा दिया जाएगा। इस हिंदू-विरोधी एजेंडे और नफरत का अमेरिका में रह रहे हिंदुओं और भारतीय मूल के लोगों ने कड़ा विरोध किया है। अमेरिकी सेना के पूर्व सैनिक और भारतीय-अमेरिकी रुचिर बख्शी ने इस नफरत को देश-विरोधी बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसी दूसरे समुदाय के पूजा स्थल और आस्था को नुकसान पहुंचाने की बात करना बेहद शर्मनाक है। (Hanuman Statue in America)
क्या कहता है अमेरिकी कानून ?
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका का संविधान और कानून पूरी तरह से धार्मिक स्वतंत्रता का समर्थन करता है। 1791 के संवैधानिक संशोधन के तहत संसद किसी भी धर्म पर प्रतिबंध लगाने वाला कोई कानून नहीं बना सकती और न ही किसी एक धर्म को राष्ट्रीय धर्म घोषित कर सकती है। 1993 और 1998 के संघीय कानून किसी भी नागरिक की आस्था या धार्मिक स्वतंत्रता में दखल देने से रोकते हैं। इसके बावजूद ट्रंप समर्थक और कट्टरपंथी समूहों का इस तरह का विरोध प्रदर्शन अमेरिका की धार्मिक स्वतंत्रता की नीति पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि दुनियाभर में धार्मिक आजादी और मानवाधिकारों की बात करने वाले डोनाल्ड ट्रंप और उनका प्रशासन इस मामले पर पूरी तरह चुप क्यों है? जहां ट्रंप दुनिया के कई देशों में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर मुखर नजर आते हैं, वहीं उनके ही देश में कुछ कट्टरपंथी खुलेआम एक हिंदू मंदिर और प्रतिमा को निशाना बनाने की धमकियां दे रहे हैं। (Hanuman Statue in America)

अमेरिका में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर संविधान की स्पष्ट व्यवस्था है, लेकिन टेक्सास में 90 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा को लेकर सामने आए विरोध और धमकियों ने नई बहस छेड़ दी है। सवाल सिर्फ एक प्रतिमा का नहीं, बल्कि अमेरिका में धार्मिक विविधता और आस्था की स्वतंत्रता के दावे का भी है। ऐसे में निगाहें इस बात पर हैं कि इस विवाद पर अमेरिकी प्रशासन और राजनीतिक नेतृत्व का रुख क्या रहता है। 90 फीट की हनुमान प्रतिमा पर शुरू हुआ विवाद अब अमेरिका में धार्मिक स्वतंत्रता बनाम राजनीतिक विचारधारा की बहस बनता नजर आ रहा है। सवाल यह भी है कि विरोध की आवाज कहां तक जायज है और आस्था के अधिकार की सीमा कौन तय करेगा ? प्रतिमा को लेकर उठे विरोध ने अमेरिका के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर धार्मिक स्वतंत्रता संविधान का अधिकार है तो क्या यह अधिकार हर धर्म और हर समुदाय के लिए बराबर होना चाहिए ?



