छात्र-पालक ध्यान दें: 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई से शुरुआत की खबर फर्जी

CG Education News: छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य में नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 आगामी 16 जून 2026 (मंगलवार) से ही शुरू होगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह खबर कि स्कूल 1 जुलाई से खुलेंगे, पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और तथ्यहीन है।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार प्रदेश की सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां 16 जून से प्रारंभ होंगी। विभाग ने विद्यार्थियों, पालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहें। (CG Education News)
16 जून से होगा ‘शाला प्रवेश उत्सव 2026’ का आयोजन
राज्य सरकार नए शिक्षा सत्र की शुरुआत शाला प्रवेश उत्सव 2026 के साथ करेगी। यह आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कराया जाएगा।
इस संबंध में विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
गांव-शहरों में होगा प्रचार, जनभागीदारी पर जोर
प्रवेश उत्सव को अभियान का रूप देने के लिए गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी, रैलियां, बैनर-पोस्टर और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूल खुलने से पहले भवनों, कक्षाओं और परिसरों की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।




