आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में इलाज, मरीजों को लगातार मिल रही मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं

Ayushman Bharat Yojana: छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पंजीकृत निजी अस्पतालों की ओर से आयुष्मान कार्डधारक मरीजों का इलाज लगातार किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1,600–1,700 दावे प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनकी राशि प्रतिदिन 4 करोड़ रुपए से ज्यादा है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य सरकार की ओर से अब तक 375 करोड़ जारी किए जा चुके हैं। इस राशि से जुलाई 2025 तक के लगभग 280 करोड़ के दावे भुगतान कर दिए गए हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार से 130 करोड़ इस हफ्ते प्राप्त होने की संभावना है, जिससे निरंतर अस्पतालों के दावे भी भुगतान किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- राज्योत्सव पर वायु सेना का होगा शौर्य प्रदर्शन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने ली अधिकारियों की बैठक
स्वास्थ्य विभाग लगातार इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के साथ परामर्श कर रहा है और सभी पंजीकृत अस्पताल लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। कोई भी गरीब या कमजोर वर्ग का परिवार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत नि:शुल्क इलाज से वंचित न हो, यह सुनिश्चित किया गया है। सभी पैनल में शामिल अस्पतालों को निर्देशित किया गया है कि मान्य आयुष्मान कार्डधारकों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार का शुल्क न लें। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक योजना के नियमों का उल्लंघन करने वाले 118 अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें 24 अस्पतालों का डी-एम्पैनलमेंट और 11 अस्पतालों का निलंबन शामिल है। (Ayushman Bharat Yojana)
अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई जारी
भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और उन्हें गुणवत्तापूर्ण इलाज बिना किसी आर्थिक बोझ के प्राप्त हो। योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार जल्द ही एक स्टेकहोल्डर्स कार्यशाला आयोजित करने जा रही है, जिसमें सभी संबंधित पक्षों के साथ योजनागत मुद्दों और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी। हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ. सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि विभागीय मंत्री की पहल पर 375 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि इसके अतिरिक्त 130 करोड़ रुपए केंद्र से आवंटित किए जा चुके हैं, जो इस हफ्ते प्राप्त हो जाएंगे। इस प्रकार लगभग 505 करोड़ रुपए निजी अस्पतालों के लंबित बकाया भुगतान के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। (Ayushman Bharat Yojana)
आयुष्मान भारत योजना का लाभ
राज्य और जिला शाखाओं के प्रतिनिधियों ने मरीजों के हित में लिए गए इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब शासन की ओर से बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है तो ऐसी स्थिति में मरीजों का निःशुल्क इलाज किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचे और कोई भी नागरिक आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए राज्य सरकार दृढ़ संकल्पित है। पारदर्शी भुगतान व्यवस्था, सख्त निगरानी और निरंतर सुधार के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश में निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सभी नागरिकों को उपलब्ध हो। (Ayushman Bharat Yojana)



