आयुष्मान क्लेम में गड़बड़ी का शक, 15 अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी
आयुष्मान भारत योजना के क्लेम में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर समेत करीब 15 अस्पतालों में जांच शुरू की है।

Ayushman Bharat : रायपुर। आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat) के तहत किए गए क्लेम में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में जांच अभियान शुरू किया है। विभाग की अलग-अलग टीमें करीब 15 निजी अस्पतालों में पहुंचकर आयुष्मान योजना से जुड़े रिकॉर्ड, मरीजों की भर्ती और उपचार संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
रायपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्री अनंत साईं हॉस्पिटल, श्री महावीर अस्पताल-मोवा, वरदान हॉस्पिटल और रावतपुरा हॉस्पिटल में जांच शुरू की है। टीम इन अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत भर्ती दिखाए गए मरीजों के रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। साथ ही अस्पतालों की ओर से योजना (Ayushman Bharat) के तहत किए गए क्लेम और मरीजों को दिए गए उपचार से संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
मरीजों की भर्ती और इलाज के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
स्वास्थ्य विभाग को कुछ अस्पतालों में ऐसे मरीजों के नाम पर आयुष्मान योजना के तहत क्लेम किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिनकी वास्तविक भर्ती और उपचार को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतों के आधार पर विभागीय टीमें अस्पतालों के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
जांच के दौरान मरीजों की भर्ती से जुड़े दस्तावेज, उपचार की जानकारी, मेडिकल रिकॉर्ड और आयुष्मान योजना के तहत किए गए दावों का मिलान किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।
जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित अस्पतालों में आयुष्मान योजना के क्लेम में वास्तव में कोई अनियमितता हुई है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को आयुष्मान योजना के तहत होने वाले क्लेम के सत्यापन और सरकारी स्वास्थ्य योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े :- गोबरा नवापारा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, पुलिस ने वाहन किया जब्त



