12वीं की छात्रा का कमरे में मिला शव, किराए के मकान में रहकर कर रही थी पढ़ाई
कचहरीपारा में हुई घटना से इलाके में सनसनी, सूचना पर पहुंची पुलिस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कचहरीपारा स्थित किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही छात्रा का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृत छात्रा की पहचान सूरजमुखी लकड़ा के रूप में हुई है। वह ग्राम मोदीपारा की रहने वाली थी और बैकुंठपुर के शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के सिलसिले में वह कचहरीपारा में किराए के मकान में रह रही थी।
अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना से छात्रा के परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।



