Google Analytics —— Meta Pixel

बच्चों की शरारत से थम गईं ट्रेनें! मालगाड़ी के इंजन में लगी आग, छह नाबालिग पकड़े गए

बिलासपुर। रेलवे ट्रैक के पास बच्चों की एक कथित शरारत बड़े रेल हादसे की वजह बन सकती थी। उसलापुर और घुटकू रेलवे स्टेशन के बीच लोखंडी फाटक के पास बने ब्रिज से कुछ बच्चों ने गुजरती मालगाड़ी पर साइकिल का टायर फेंक दिया। टायर मालगाड़ी के इंजन की छत पर जा गिरा और ओवरहेड बिजली लाइन के संपर्क में आते ही उसमें आग लग गई। इंजन से तेज चिंगारियां निकलने और धमाके जैसी आवाज सुनाई देने पर लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी। समय रहते उठाए गए कदम से संभावित हादसा टल गया। घटना के कारण अंबिकापुर एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस का परिचालन भी करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा।

घटना मंगलवार 3 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। कटनी की ओर से बिलासपुर आ रही खाली मालगाड़ी लोखंडी फाटक के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ब्रिज के ऊपर से फेंका गया साइकिल का टायर इंजन की छत पर जा गिरा। टायर के ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन और पेंटोग्राफ के संपर्क में आने से तेज स्पार्क हुआ और उसमें आग लग गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी। इंजन से नीचे उतरकर जांच करने पर छत पर टायर का जलता हुआ हिस्सा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद उसलापुर आरपीएफ पोस्ट और वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक टायर की आग बुझ चुकी थी।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, छह नाबालिगों की पहचान

घटना के बाद आरपीएफ ने टायर फेंकने वालों की तलाश शुरू की। शुरुआती पूछताछ में आसपास के लोगों से कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जांच टीम ने ब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। राष्ट्रीय राजमार्ग के कैमरों की निगरानी पाली स्थित मॉनिटरिंग कक्ष से होने की जानकारी मिलने पर आरपीएफ वहां पहुंची।

फुटेज के आधार पर छह नाबालिगों की पहचान की गई। बुधवार 4 नवंबर को आरपीएफ ने सभी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनका इरादा मालगाड़ी के खाली वैगन में साइकिल के टायर का टुकड़ा फेंकने का था, लेकिन टायर वैगन में गिरने के बजाय इंजन की छत पर जा पहुंचा। बिजली की लाइन के संपर्क में आने से उसमें आग लग गई। सभी बच्चे लोखंडी गांव के निवासी बताए गए हैं।

अंबिकापुर और अमरकंटक एक्सप्रेस आधे घंटे तक रुकीं

मालगाड़ी के इंजन पर टायर गिरने और आग लगने के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा। इसी रेलमार्ग से अंबिकापुर एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस को भी गुजरना था। मालगाड़ी के खड़े रहने के कारण दोनों यात्री ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित करना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।

मामूली शरारत से यात्रियों की जान पर बन सकती थी

रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन में उच्च वोल्टेज करंट प्रवाहित होता है। ऐसे में किसी बाहरी वस्तु का इंजन, पेंटोग्राफ या बिजली के तारों के संपर्क में आना बेहद खतरनाक हो सकता है। इस घटना में टायर के संपर्क से आग और तेज चिंगारियां उठीं। यदि लोको पायलट समय रहते ट्रेन नहीं रोकते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

इस घटना ने रेलवे ट्रैक और पुलों के आसपास निगरानी बढ़ाने के साथ ही बच्चों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत भी सामने रखी है। रेलवे क्षेत्र में इस तरह की हरकत न केवल बच्चों की जान जोखिम में डालती है, बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों और रेल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!