Google Analytics —— Meta Pixel

वॉकी-टॉकी और नक्सली साहित्य ने खोली पोल! UAPA केस में तीन दोषियों को 10 साल की जेल

कांकेर। छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। कांकेर जिले से जुड़े UAPA मामले में भानुप्रतापपुर की विशेष NIA अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा प्रत्येक दोषी पर 3,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

सजा पाने वालों में पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी शामिल हैं। तीनों को वर्ष 2023 में सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से वॉकी-टॉकी, माओवादी संगठन की चिट्ठियां, नक्सली साहित्य और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद होने का दावा किया गया था। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक टी.एस. यादव ने पैरवी की।

जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए थे तीनों आरोपी

पूरा मामला 18 मई 2023 का है। पुलिस को प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन की गतिविधियों से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने COB चिलपरस और ढूंट्टा से संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षाकर्मी कागबरस, नयापारा और चिलपरस क्षेत्र में सर्चिंग करते हुए केसोकोड़ी की दिशा में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी जंगल के पास कुछ संदिग्ध लोग भागते दिखाई दिए। जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान उनकी पहचान पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े हुए थे और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।

वॉकी-टॉकी, नक्सली साहित्य और चिट्ठियां बरामद

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक और संदिग्ध वस्तुएं मिली थीं। इनमें वॉकी-टॉकी सेट, माओवादी संगठन से संबंधित चिट्ठियां, नक्सली साहित्य, नकदी, गुलेल, टॉर्च और चाकू सहित अन्य सामग्री शामिल थी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों पर हमला किए जाने की बात भी सामने आई थी। इस घटना में एक जवान के दाहिने हाथ में चोट आई थी। बरामद सामग्री और घटना से जुड़े तथ्यों को विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया।

UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज हुआ था मामला

इस प्रकरण में कोयलीबेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 08/2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत कार्रवाई की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतागढ़ एसडीओपी अमर सिदार को विवेचना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मौखिक, दस्तावेजी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

विशेष NIA कोर्ट ने तीनों को सुनाई 10-10 साल की सजा

मामले की सुनवाई भानुप्रतापपुर के विशेष न्यायाधीश NIA दीपक के. गुप्ता की अदालत में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और दलीलों का मूल्यांकन करने के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया।

न्यायालय ने पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी को 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक पर 3,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।

इस फैसले को माओवादी गतिविधियों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण न्यायिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!