Balodabazar crime News : प्रेम प्रसंग और मुखबिरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

Balodabazar crime News : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को प्रेम प्रसंग और खनन माफिया की मुखबिरी के शक में खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों ने युवक को लाठी, डंडे और बेल्ट से पीटा, और उसे जान से मारने की धमकी दी। यह घटना गिधौरी थाना क्षेत्र के खपराडीह गांव की है, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें :- Agriculture department raid : मिलावटी खाद बनाने वाले व्यापारी पर FIR, जांच में 6 नमूने मिले अमानक, 2460 बोरी खाद जब्त
घटना 12 जून की है। ग्राम कुम्हारी निवासी 25 वर्षीय परमेश्वर साहू गांव खपराडीह स्थित एक खदान से गिट्टी खरीदने गया था। वहां से लौटते समय दो ट्रैक्टर चालकों — यशवंत पटेल और केवल केवट — ने उसे रास्ते में रोक लिया। इन लोगों ने उस पर आरोप लगाया कि उसने माइनिंग अफसरों को सूचना देकर उनकी गाड़ियों को पकड़वाया है।
इसी शक के चलते दोनों ने परमेश्वर को पकड़कर गांव के गुड़ी चौक पर एक खंभे से बांध दिया और बेल्ट व लाठियों से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले के दौरान परमेश्वर ने अपने भाई अनिल साहू को फोन कर बुलाया। अनिल जब गांव के ही पंचमदास के साथ वहां पहुंचा, तब तक हमलावर रुकने को तैयार नहीं थे। उनके सामने ही परमेश्वर की पिटाई जारी रही।
कुछ देर बाद दिलहरण वर्मा, दिग्विजय वैष्णव और आनंद दास भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी पीड़ित युवक की बुरी तरह पिटाई की। इस हमले में परमेश्वर के सिर, पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में सामने आया है कि हमले के पीछे सिर्फ माइनिंग से जुड़ी मुखबिरी ही नहीं, बल्कि एक युवती से प्रेम प्रसंग भी कारण रहा है। परमेश्वर का गांव की एक लड़की से अफेयर था, जिससे आरोपी भी संबंध रखते थे या उसमें दखल मानते थे। पहले भी इसको लेकर गांव में विवाद हो चुका था। (Balodabazar crime News)
पीड़ित की शिकायत पर गिधौरी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक यशवंत पटेल, केवल केवट, दिलहरण वर्मा, दिग्विजय वैष्णव और गया पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि आनंद दास अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। (Balodabazar crime News)
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। कहीं वे गोलियां चला रहे हैं, तो कहीं आम जनता को लाठी-डंडों से पीट रहे हैं। सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल है।” (Balodabazar crime News)



