6 मजदूरों की मौत के बाद जागा प्रशासन…!, बलौदाबाजार के रियल इस्पात प्लांट का संचालन बंद

Balodabazar Real Steel Plant: बलौदाबाजार जिले के बकुलाही गांव स्थित मेसर्स रियल इस्पात एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में हुए भीषण हादसे के बाद राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कारखाना अधिनियम के तहत प्लांट के किल्न क्रमांक-01 को तत्काल सील कर दिया गया है और उसके संचालन समेत मेंटेनेंस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह हादसा 22 जनवरी की सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। किल्न क्रमांक-01 के डस्ट सेटलिंग चेंबर के दूसरे तल पर काम के दौरान अचानक विस्फोट हुआ और 850 से 900 डिग्री सेल्सियस तापमान की गर्म राख मजदूरों पर गिर गई।
यह भी पढ़ें:- नालंदा परिसर फेज-2 में पढ़ने वाले युवा गढ़ेंगे अपनी सफलता का नया इतिहास: साव
हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न और ट्रीटमेंट सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के सहायक संचालक की टीम ने प्लांट का निरीक्षण किया। जांच में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई है। जांच में पता चला कि सुरक्षा मानकों और एसओपी का पालन नहीं किया गया। किल्न को शटडाउन किए बिना मजदूरों से खतरनाक काम कराया गया। डस्ट सेटलिंग चेंबर का हाइड्रोलिक स्लाइड गेट बंद नहीं किया गया। वर्क परमिट जारी नहीं किया गया। नियमित मेंटेनेंस नहीं किया गया। मजदूरों को हीट रेसिस्टेंट एप्रन, हेलमेट, सेफ्टी शूज जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए। सुरक्षा प्रशिक्षण और निगरानी की भी भारी कमी पाई गई।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किल्न-01 में काम करना इमिनेंट डेंजर यानी जानलेवा खतरे की स्थिति में था। इन गंभीर लापरवाहियों के चलते किल्न क्रमांक-01 के संचालन और सभी मेंटेनेंस कार्यों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध तब तक रहेगा, जब तक कारखाना प्रबंधन सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम पूरे नहीं करता और संबंधित विभाग को प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता। आदेश में यह भी साफ किया गया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान भी सभी मजदूरों को समय पर पूरा वेतन और भत्ते देना अनिवार्य होगा। कारखाना प्रबंधन ने हर मृतक मजदूर के परिजन को 20 लाख रुपए और प्रत्येक घायल मजदूर के परिजन को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसके अलावा कर्मचारी क्षतिपूर्ति कोष से औसतन 10 लाख रुपए और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) से पेंशन के रूप में औसतन 15 लाख रुपए मिलेंगे।

इस तरह हर मृतक के परिजन को कुल मिलाकर लगभग 45 लाख रुपए और घायल मजदूरों को 5 लाख रुपए के साथ इलाज अवधि तक जीवनयापन भत्ता मिलेगा। हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के गोटीबांध गांव के निवासी थे, जिनमें विनय भुईया (39 साल), बद्री भुईया (52 साल), सुंदर भुईया (49 साल), श्रवण भुईया (22 साल), जितेंद्र भुईया (37 साल) और राजदेव भुईया (22 साल) शामिल हैं। घायलों में बिहार और झारखंड के मजदूर शामिल हैं। मुख्य कारखाना निरीक्षक सह श्रमायुक्त ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल प्लांट में सुरक्षा कारणों से सभी गतिविधियां बंद हैं। (Balodabazar Real Steel Plant)



