7 मंजिला इमारत ढहने से 7 लोगों की मौत, डिप्टी CM शिवकुमार ने कहा- प्रकृति को रोक नहीं सकते हैं

Bengaluru Building Accident: कर्नाटक के बेंगलुरु में बड़ा हादसा हुआ है, जहां होरमावु अगरा इलाके में एक 7 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने से 7 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक मलबे के अंदर 21 लोग फंसे थे, जिनमें से 13 लोगों को बचा लिया गया है। जबकि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। इधर, कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार मौके पर पहुंचे, जिन्होंने कहा कि मुझे बताया गया कि बिल्डिंग अवैध रूप से बनाई जा रही थी। इसके लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। अवैध गतिविधियां चल रही थी। हम मालिक, ठेकेदार और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब और हरियाणा सरकार को लगाई फटकार, कहा- मुकदमा तो होना ही चाहिए
उन्होंने कहा कि पूरे बेंगलुरु में मैं इसे देखूंगा। हम एक निर्णय लेकर आएंगे। सभी अवैध निर्माण तुरंत रोक दिए जाएंगे…ठेकेदार, मेरे अधिकारी और यहां तक कि संपत्ति के मालिक सभी पर कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। डिप्टी CM ने कहा हम प्रकृति को नहीं रोक सकते हैं, लेकिन हम मैनेज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि दुबई और दिल्ली में क्या हो रहा है। देश के कई हिस्सों में यही स्थिति है। वहीं इस घटना को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। JDS ने कांग्रेस पर बेंगलुरु की दुर्दशा करने का आरोप लगाया है। साथ ही सरकार पर जमकर हमला बोला है। (Bengaluru Building Accident)
बता दें कि 5 मृतकों में से 3 मजदूर बिहार के रहने वाले थे, जिनकी पहचान मोहम्मद साहिल (उम्र 19), हरमान (उम्र 26) और त्रिपाल ( उम्र 35) के रूप में हुई। वहीं दो मृतक सत्या राजू और शंकर की अभी तक जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल, बेंगलुरु समेत कर्नाटक के कई हिस्सों में बीते कई दिनों से लगातार बारिश जारी है, जिसकी वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर बेंगलुरु के कई इलाकों में बाढ़ की स्थित निर्मित हो गई है। यलहंका के केंद्रीय विहार में कमर तक पानी भर गया था, जहां नावों की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। (Bengaluru Building Accident)



