Google Analytics —— Meta Pixel

भारतमाला परियोजना घोटाला मामले में EOW ने 10 लोगों को बनाया आरोपी, कोर्ट में पेश किया 7,500 पन्नों का चालान

Bharatmala Project Scam: भारतमाला परियोजना में जमीन अधिग्रहण घोटाले की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने 10 आरोपियों के खिलाफ 7,500 पन्नों का चालान रायपुर स्थित विशेष कोर्ट में पेश किया है। इस घोटाले में सरकारी और निजी व्यक्तियों की मिलीभगत से राज्य सरकार को करीब 32 से 43 करोड़ रुपए तक का नुकसान होने का अनुमान है। EOW ने दो लोकसेवकों और आठ व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

यह भी पढ़ें:- सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का तूल पकड़ा मामला, हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, स्वास्थ्य मंत्री बोले- कानून सबके लिए बराबर

लोक सेवक आरोपी

  • गोपाल राम वर्मा (सेवानिवृत्त अमीन)
  • नरेंद्र कुमार नायक (अमीन)

दूसरे आरोपी

  • हरमीत सिंह खनूजा
  • केदार तिवारी
  • उमा तिवारी
  • विजय कुमार जैन
  • पुनूराम देशलहरे
  • खेमराज कोसले
  • भोजराम साहू
  • कुंदन बघेल

चालान को 12 बंडलों में लगभग 7,500 पन्नों के रूप में कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। EOW ने इस मामले में मोबाइल चैट्स, बैंक ट्रांजेक्शन, तकनीकी दस्तावेज और गवाहों के बयान को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया है। जांच में सामने आया कि भूमि अधिग्रहण के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों, दलालों और भू-माफियाओं के गठजोड़ ने फर्जीवाड़ा किया। नायकबांधा, टोकरो और उरला गांवों में बैक डेट में फर्जी बंटवारा और नामांतरण किए गए। पहले से अधिग्रहित भूमि पर दोबारा मुआवजा भुगतान कर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की हानि की गई। (Bharatmala Project Scam)

तीन तरीके से हुआ फर्जीवाड़ा

आरोपी उमा तिवारी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाली गई। दलाल हरमीत सिंह खनूजा और सहयोगियों ने किसानों से कोरे चेक लेकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवाई। EOW की जांच में यह भी पाया गया कि अधिकारियों ने निजी दलालों के साथ मिलकर किसानों को ज्यादा मुआवजा दिलाने का लालच देकर फर्जी नामांतरण और भुगतान करवाए। EOW के वकील सौरभ पांडे के मुताबिक घोटाला तीन स्तरों पर किया गया। पहला- नायकबांधा तालाब की अधिग्रहित भूमि के लिए पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था, फिर भी दोबारा भुगतान हुआ।

कैसे बढ़ाया गया भुगतान ?

दूसरा- 2019 की डेडलाइन से पहले का फर्जी विभाजन दिखाकर ज्यादा मुआवजा हासिल किया गया। तीसरा- दलाल हरमीत सिंह और विनय जैन ने राजस्व अधिकारियों और पटवारियों को मनाकर किसानों के नाम पर रकम निकालवाई। इस फर्जीवाड़े से हरमीत सिंह खनूजा को अकेले करीब 23 करोड़ रुपए का लाभ हुआ। अभनपुर क्षेत्र के नायकबांधा और उरला गांवों में जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर 159 खसरे बनाए गए। रिकॉर्ड में 80 नए नाम चढ़ा दिए गए, जिससे मुआवजा 29.5 करोड़ से बढ़कर 78 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। NHAI की टीम ने जब गड़बड़ी पर आपत्ति जताई, तब राजस्व विभाग ने जांच शुरू की और भुगतान रोक दिया। (Bharatmala Project Scam)

क्या है भारतमाला परियोजना ?

घोटाले का खुलासा होने के बाद जगदलपुर निगम कमिश्नर निर्भय साहू और कोरबा डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे को निलंबित किया गया था। EOW अब अन्य संदिग्ध अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर रही है। इस मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर को विशेष न्यायालय रायपुर में होगी। भारतमाला परियोजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय राजमार्ग विकास योजना है, जिसके तहत देशभर में नए हाईवे और आर्थिक कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। इसी योजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापट्टनम तक 463 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। (Bharatmala Project Scam)

Back to top button
error: Content is protected !!