Google Analytics —— Meta Pixel

विधानसभा में गूंजा भारतमाला घोटाला: भाजपा ने की CBI जांच की मांग, सरकार ने दी कार्रवाई की जानकारी

Bharatmala Project Scam : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को भारतमाला परियोजना में कथित भ्रष्टाचार (Bharatmala Project Scam) का मुद्दा जोरशोर से उठा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने मामले की CBI जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि राज्य के कई जिलों में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया है।

यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री ने दिखाई 151 नए स्वास्थ्य वाहनों को हरी झंडी, मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार प्रदेश को जल्द मिलेंगे 851 एंबुलेंस

कौशिक ने सदन में कहा कि अब तक की कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रही है, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को बचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 500 वर्गमीटर से कम क्षेत्र की भूमि पर अधिक मुआवजा, जबकि इससे अधिक क्षेत्र पर कम मुआवजा देकर योजनाबद्ध रूप से भूमि के छोटे-छोटे टुकड़े किए गए। इस प्रक्रिया में प्रॉपर्टी डीलरों और अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी नामांतरण और बंटवारे किए गए, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ कर्मचारियों पर दबाव डालकर नियमों की अनदेखी करवाई। उन्होंने प्रदेशभर में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है।

सरकार का जवाब: अब तक 18 आरोपी चिन्हित, 10 सरकारी कर्मचारी शामिल
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भाजपा विधायक के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि भारतमाला परियोजना में हुई शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है। विभिन्न जिलों में संभागायुक्तों की निगरानी में जांच दल गठित किए गए हैं। जहां भी अनियमितताएं सामने आई हैं, वहां आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा विधिवत जांच करवाई जा रही है।

मंत्री ने सदन को बताया कि अब तक की जांच में कुल 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें 10 सरकारी और 8 गैर-सरकारी व्यक्ति शामिल हैं। इनमें:

8 गैर-सरकारी आरोपी,
1 सरकारी कर्मचारी,
तथा 1 सेवानिवृत्त अधिकारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इसके अतिरिक्त:

8 आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायालय रायपुर से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं,
6 के खिलाफ उद्घोषणा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है,
1 आरोपी को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है,
तथा 1 अन्य के खिलाफ साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।

टंकराम वर्मा ने आश्वासन दिया कि जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Bharatmala Project Scam)

Back to top button
error: Content is protected !!