Google Analytics —— Meta Pixel

भाटापारा : स्वामी आत्मानंद स्कूल निपनिया में भारी अनियमितताएँ, विधायक इन्द्र साव ने की कार्रवाई की मांग

Bhatapara News : स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट English माध्यम विद्यालय निपनिया में शुक्रवार को हुए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विधायक इन्द्र साव ने विद्यालय में फैल रही अव्यवस्थाओं और आर्थिक अनियमितताओं पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में गंदगी, शौचालयों में बदहाली, अवैध शुल्क वसूली तथा प्राचार्य की अनुपस्थिति जैसी गंभीर खामियाँ सामने आईं।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में पर्यटन का नया अध्याय : 75% सब्सिडी के साथ टूर पैकेजों की शुरुआत, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

विधायक इन्द्र साव ने मौके से ही कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को दूरभाष पर पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बिना रसीद छात्रों से अवैध शुल्क वसूली का आरोप

विधायक साव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद स्कूल में वर्तमान में स्काउट गाइड, क्रियाकलाप निधि, निर्धन छात्र निधि, विज्ञान क्लब, क्रीड़ा निधि, रेड क्रॉस, परीक्षा निधि, प्रायोगिक विज्ञान निधि तथा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के नाम पर प्रति छात्र 1120, 1150 और 1190 रुपये तक की राशि बिना रसीद वसूली जा रही है।

उन्होंने प्रश्न उठाया कि इतनी बड़ी राशि बिना किसी रेकॉर्ड और रसीद के लेने का अर्थ है कि संस्था प्रमुख किसी न किसी संरक्षण में ऐसा कर रहे हैं। यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला है।

सरकारी मद की राशि उपयोग न होने पर सवाल

विधायक साव ने बताया कि आत्मानंद विद्यालयों के संचालन हेतु हर वर्ष मिलने वाली ₹1,82,000 की राशि पिछले दो वर्षों से उपयोग न होकर लैप्स हो चुकी है। वर्तमान वर्ष में भी यह राशि स्कूल को जारी कर दी गई है, लेकिन कोई कार्य नहीं कराया गया। इसे विद्यालय प्रमुख की गंभीर लापरवाही करार देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को इस तरह उपेक्षित नहीं किया जा सकता।

स्वच्छता बदहाल, प्राचार्य नदारद

निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई का घोर अभाव पाया गया। स्टाफ द्वारा बताया गया कि पिछले एक सप्ताह से स्कूल में सफाई नहीं हुई है। वहीं प्राचार्य के भी बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर विधायक ने कड़ी नाराज़गी जताई।

तत्काल कार्रवाई की मांग

विधायक साव ने कहा कि स्कूल की अव्यवस्था बच्चों की शिक्षा और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल कड़ी कार्रवाई कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। (Bhatapara News)

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि जीत्तु ठाकुर, सरपंच नरेश ध्रुव, विद्यालय प्रतिनिधि दिनेश तिवारी, शाला विकास समिति के सदस्य कुलेश्वर वर्मा सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा। (Bhatapara News)

Back to top button
error: Content is protected !!