Bhilai tantric fraud : तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिला से 37 लाख की ठगी, उसका फ्लैट अपने नाम कराने की कोशिश; यूट्यूब से सीखी तंत्र विद्या

Bhilai tantric fraud : छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक महिला को तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर 37 लाख रुपए ठगने और फ्लैट अपने नाम करवाने का मामला सामने आया है। आरोपी कोई असली तांत्रिक नहीं, बल्कि यू-ट्यूब देखकर तांत्रिक बनने का ढोंग कर रहा था। सुपेला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें :- Bhilai property dispute murder: प्रॉपर्टी विवाद में भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, मौके पर मौत, आरोपी भाई फरार
पुलिस के अनुसार, जुनवानी स्थित शिखर अपार्टमेंट निवासी पल्लवी जायसवाल (46) वर्ष 2022 में मानसिक और आर्थिक परेशानी से जूझ रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से हुई। उन्होंने महिला की कुंडली देखकर ग्रह दोष बताया और अपने कथित गुरु ‘पंडित कुलदीप महाराज’ से मिलवाया। (Bhilai tantric fraud)
हरियाणा के रोहतक निवासी कुलदीप उर्फ कालू (35) खुद को सिद्ध तांत्रिक बताता था। उसने महिला को ग्रहों की स्थिति खराब होने और जान को खतरा होने की बात कहकर डराया। पूजा-पाठ और ग्रह शांति के नाम पर महिला से धीरे-धीरे मोटी रकम ऐंठने लगा।
18 जनवरी 2023 से लेकर 8 अप्रैल 2025 तक कुलदीप ने पूजा सामग्री, दक्षिणा और विशेष अनुष्ठान के नाम पर महिला से 36 लाख 66 हजार रुपए वसूल लिए। वह बार-बार कहता कि ग्रहों की शांति न कराने पर उसकी जान को खतरा रहेगा। महिला डर में लगातार पैसा देती रही। (Bhilai tantric fraud)
ठगी के बाद कुलदीप ने महिला से शिखर अपार्टमेंट स्थित फ्लैट अपने नाम कराने को कहा। महिला ने इंकार किया तो आरोपी ने कहा कि वह तंत्र विद्या से उसकी जान ले लेगा। घबराई महिला ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी कोई तांत्रिक नहीं है। वह यू-ट्यूब देखकर झूठा पंडित बना और ठगी करता रहा। आरोपी के पास से कार, दो मोबाइल, झाड़-फूंक की सामग्री, बैनर-पोस्टर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। (Bhilai tantric fraud)



