Google Analytics —— Meta Pixel

लिव-इन पार्टनर ने की महिला की हत्या, शव बोरी में भरकर नाली में फेंका, शराब की लत से परेशान था आरोपी

Bhilai Woman Murder Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की उसके प्रेमी ने शराब पार्टी के बाद हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने की कोशिश की और अपने भाई-दोस्त की मदद से शव को बोरी में भरकर नाली में फेंक दिया। पुलिस ने कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक कोसानगर की आरती निर्मलकर उर्फ भारती (उम्र 34) पिछले 4-6 महीनों से तुलाराम बंजारे (उम्र 33) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

यह भी पढ़ें:- विपक्ष ने लोकतंत्र को गुंडातंत्र में बदल दिया है: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

5 दिसंबर की शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी की और खाना खाया। नशे की हालत में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर तुलाराम ने आरती को थप्पड़ मारा, गला दबाया और उसका सिर दीवार पर जोर से पटक दिया। गंभीर चोट लगने से आरती जमीन पर गिर गई और कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की पुष्टि होने के बाद आरोपी ने आरती के कपड़े उतारकर चूल्हे में जला दिए, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें। इसके बाद शव को घुटनों से मोड़कर प्लास्टिक की रस्सी से बांधा गया, जिससे शव छोटा हो जाए।

फिर शव को प्लास्टिक की बोरी में डालकर ऊपर से काला प्लास्टिक लपेटकर पूरी तरह पैक कर दिया गया। हत्या के बाद तुलाराम ने अपने भाई गोवर्धन प्रसाद बंजारे (उम्र 28) और ऑटो चालक दोस्त शक्ति भौयर (उम्र 42) को घटना की जानकारी दी। दोनों ने शव ठिकाने लगाने में उसकी मदद की। तीनों शव को ऑटो में डालकर शहर में इधर-उधर घूमते रहे। आरोपी चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास पहुंचे, लेकिन वहां लोगों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण कई घंटों तक ऑटो में ही बैठे रहे। जब तड़के करीब 3 बजे इलाका सुनसान हुआ, तब बोरी में बंद शव को नाली में रखकर फरार हो गए।

13 दिसंबर को बोरी में बंद मिली लाश

13 दिसंबर को चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरी में बंद महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए गए। शव की पहचान के लिए महिला के हाथ पर बने टैटू और अन्य पहचान चिह्नों की जानकारी मीडिया के माध्यम से साझा की गई। इसी दौरान सुपेला में रहने वाली तुलाराम की परिचित महिला अमरौतिन ने उसे बताया कि मिली लाश आरती की हो सकती है। इस पर तुलाराम ने झूठ बोला कि आरती अपने पिता के पास नागपुर गई है। शक होने पर 17 दिसंबर को अमरौतिन ने सुपेला थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।

दो शादी टूटने के बाद लिव-इन में थी महिला

पुलिस ने तुलाराम को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसके भाई और ऑटो चालक दोस्त को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 70 घंटे की जांच के बाद अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। पुलिस के अनुसार आरती शराब और तंबाकू की आदी थी। इससे पहले उसकी दो शादियां हो चुकी थी। पहले पति का नाम सुरेश और दूसरे का नाम लखन बताया गया है। दोनों पतियों के नाम उसने अपने हाथ पर टैटू के रूप में गुदवाए थे। पिछले कुछ महीनों से वह तुलाराम के साथ लिव-इन में रह रही थी।

शराब की लत से परेशान था आरोपी

पूछताछ में तुलाराम ने बताया कि वह और आरती पति-पत्नी की तरह रहते थे। आरती शराब के नशे में अक्सर झगड़ा, गाली-गलौज और मारपीट करती थी। आसपास के लोग भी उसकी हरकतों को लेकर शिकायत करते थे। तुलाराम का आरोप है कि वह कमाकर लाता था और आरती उसकी जेब से पैसे निकालकर शराब पीने चली जाती थी। इसी बात को लेकर 5 दिसंबर को विवाद हुआ, जो हत्या में बदल गया। पुलिस के अनुसार 6 दिसंबर की तड़के शव नाली में फेंका गया था, लेकिन 13 दिसंबर को बरामद हुआ। (Bhilai Woman Murder Case)

8 दिन तक नाली में पड़ा रहा शव, उठे सवाल

यह इलाका काफी चहल-पहल वाला है, जहां सुबह-शाम लोग टहलने आते हैं, दुकानों में गार्ड तैनात रहते हैं और आवारा कुत्तों की संख्या भी ज्यादा है। इसके बावजूद 8 दिनों तक किसी की नजर शव पर नहीं पड़ना कई सवाल खड़े करता है। क्राइम डीएसपी अलेक्जेंडर कीरो ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की गई और सभी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना न सिर्फ रिश्तों में बढ़ती हिंसा को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करती है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ऐसे अपराध कैसे लंबे समय तक छिपे रह जाते हैं। (Bhilai Woman Murder Case)

Back to top button
error: Content is protected !!