Google Analytics —— Meta Pixel

विपक्ष ने लोकतंत्र को गुंडातंत्र में बदल दिया है: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Union Minister Shivraj Singh: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के लोगों, कांग्रेस और इंडी अलायंस के सांसदों ने जो आचरण किया, उसने लोकतंत्र को कलंकित किया है। संसदीय मर्यादाएं तार-तार हुई हैं। लोकतंत्र को भीड़तंत्र और गुंडातंत्र में बदला है। विपक्ष के व्यवहार ने हमारे लोकतंत्र की गरिमा को कम किया है। संसदीय मर्यादा की पूरी तरह से अनदेखी की गई है, जिससे लोकतंत्र की भावना अव्यवस्था और अनुशासनहीनता के प्रदर्शन में बदल गई है।

यह भी पढ़ें:- 3 देशों की यात्रा से वापस लौटे प्रधानमंत्री मोदी, आज WHO के वैश्विक शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) इस बिल पर चर्चा थी। 17 दिसंबर को चर्चा शुरू हुई, हमने पूरी गंभीरता से सांसदों की बातें सुनीं, क्योंकि चर्चा ही लोकतंत्र की प्राण है, लेकिन विपक्ष द्वारा जैसा अमर्यादित आचरण का प्रदर्शन हुआ, कागज फाड़कर उछाले गए, तो क्या ये बापू का अपमान नहीं है। मैं उनके इस कृत्य का घोर निंदा करता हूं। मैं ये कहना चाहता हूं कि गरीब कल्याण… ये भाजपा का संकल्प है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नहीं अनेकों योजनाएं लगातार गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रही हैं। इसलिए 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने दी जानकारी

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि विकसित भारत के लिए, रोजगार और विकसित गांव ये PM मोदी का संकल्प है। इसलिए इस योजना में रोजगार के लिए जहां 100 दिन की गारंटी थी, अब वो बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। इस विस्तार को सपोर्ट करने के लिए पर्याप्त फंड का प्रस्ताव दिया गया है, जो कुल 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ रुपए है। इस रकम में से केंद्र सरकार का हिस्सा 95 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। हमने एक संपूर्ण योजना बनाई, जिसमें विकसित गांव का स्वरूप क्या होगा। गांव में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, जल संरक्षण, आंगनबाड़ी भवन, आजीविका के काम, सड़क आदि के लिए एक पूरी सूची है, ताकि गांव विकसित हो सके। (Union Minister Shivraj Singh)

नाम रखने की सनक कांग्रेस की है: शिवराज

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे समझ में नहीं आता है कि मानवीय दृष्टि से जिन चीजों का ध्यान रखा गया, उसमें भी विपक्ष को तकलीफ क्यों है। ये टेक्नोलॉजी इस्तेमाल का भी विरोध करते हैं। क्या पैसा भ्रष्टाचार की बलि चढ़ने दिया जाए। ये योजना रोजगार की गारंटी देने वाली है। एक संपूर्ण गांव, एक विकसित गांव, रोजगार युक्त गांव, गरीबी मुक्त गांव बनाने की योजना है और ये PM मोदी का संकल्प है। इसलिए ये नई योजना लाई गई है। इससे पहले लोकसभा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि नाम रखने की सनक कांग्रेस की है। (Union Minister Shivraj Singh)

प्रियंका गांधी पर किया पलटवार

उन्होंने कहा था कि सरकारी योजनाएं हों, शैक्षणिक संस्थान हों, खेल और टूर्नामेंट हों, ट्रॉफियां हों, सड़कें हों, जगहें हों, इमारतें हों, अवॉर्ड हों, फेस्टिवल हों या चिकित्सा संस्थान इन सबके नाम अपने ही परिवार के सदस्यों पर रखने वाला नेहरू-गांधी परिवार आज महात्मा गांधी के नाम की दुहाई दे रहा है। तो बताइए प्रियंका जी, अब मिल गया जवाब कि नाम रखने की सनक आखिर किसमें है ? दरअसल, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा था कि मोदी सरकार को नाम बदलने की सनक है। वहीं भारी हंगामे के बीच केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री चौहान की ओर से पेश किया गया VB: G-RAM G- विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) बिल, 2025 लोकसभा में पारित हो गया।

विपक्ष ने लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार किया: BJP

बिल को लेकर बीजेपी ने कहा कि लोकसभा में ‘VB G RAM G’- विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) जैसे दूरदर्शी और ग्रामीण भारत के भविष्य से जुड़े ऐतिहासिक बिल को पारित किया गया। यह बिल गांव, गरीब, किसान और युवाओं के लिए नए अवसर, रोजगार और आत्मनिर्भरता की एक मजबूत नींव रखेगा, लेकिन यह बेहद दुखद है कि जिस समय केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक और ठोस कदम बढ़ा रही थी, उसी समय विपक्ष लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार करता नजर आया। बहस से भागते हुए तर्कों से कतराते हुए और समाधान देने में पूरी तरह विफल विपक्ष ने बिल की कॉपी फाड़कर यह साफ कर दिया कि उन्हें न ग्रामीण भारत की चिंता है, न रोजगार की, न ही देश के भविष्य की। उनके लिए गरीबों की उम्मीदें, युवाओं के सपने और गांव का विकास महज एक कागज का टुकड़ा है, जिसे अपनी नकारात्मक राजनीति के लिए कभी भी फाड़कर उछाला जा सकता है।

जनता इस कुकृत्य को कभी माफ नहीं करेगी: बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि पूरा देश देख रहा था कि किस तरह ग्रामीण भारत के विकास के सपने को साकार करने वाले बिल को फाड़कर विपक्ष ने न सिर्फ लोकतंत्र का अपमान किया, बल्कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने का भी अपमान किया। विपक्ष को यह याद रखना चाहिए कि जनता ने उन्हें अपनी आवाज बनाकर संसद भेजा है, न कि संसद को हंगामे का अखाड़ा बनाने के लिए। जनता सब देख रही है, समझ रही है, और इस कुकृत्य को कभी माफ नहीं करेगी। बीजेपी का कहना है कि विकसित भारत – जी राम जी Bill 2025 का उद्देश्य रोजगार गारंटी बढ़ाकर ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्तिकरण करना है।

Back to top button
error: Content is protected !!