Google Analytics —— Meta Pixel

Bhupesh Baghel ED raid: भूपेश बघेल के घर ED का छापा, चैतन्य को हिरासत में लेने की आशंका, कांग्रेस बोली- विपक्ष को दबाने की साजिश

Bhupesh Baghel ED raid: छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर छापा मारा। जानकारी के मुताबिक, ईडी के करीब 12 अधिकारी सुबह उनके घर पहुंचे, जिनके साथ बड़ी संख्या में CRPF जवान भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की जा रही है। वहीं, बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हिरासत में लेने की संभावना जताई जा रही है। आज चैतन्य का जन्मदिन भी है।

यह भी पढ़ें :- देवांगन समाज की धर्मशाला निर्माण हेतु दो समाजसेवियों ने की उदार घोषणा, समाजहित में बढ़े सहयोग के हाथ, अयोध्या में बनेगा भव्य देवांगन धर्मशाला

इस कार्रवाई के विरोध में भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “ED आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है और हमें अडानी द्वारा तमनार में पेड़ काटे जाने के मुद्दे को उठाना था। ‘साहेब’ ने भिलाई निवास पर ED भेज दी है।” इसके बावजूद भूपेश बघेल विधानसभा सत्र में शामिल होने निकल गए। (Bhupesh Baghel ED raid)

विधानसभा जाते समय बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, “पिछली बार मेरे जन्मदिन पर ED भेजी गई थी, और इस बार मेरे बेटे के जन्मदिन पर मोदी-शाह ने अपने मालिक को खुश करने के लिए कार्रवाई करवाई है। मैं न झुकूंगा, न डरूंगा। अडानी का मुद्दा आज सदन में उठेगा, इसलिए यह छापेमारी की गई है।”

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इस कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग बताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा डबल इंजन सरकार विपक्ष का गला घोंटने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा, “32 हजार का जग, 50 लाख की टीवी, 11 करोड़ का योगा और 2 करोड़ का समोसा घोटाला… ये सब करने वाले अब विपक्ष को चुप कराने ईडी भेज रहे हैं।” (Bhupesh Baghel ED raid)

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अडानी के पेड़ कटाई मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। जिलेभर से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है ताकि कोई अव्यवस्था न हो। इस राजनीतिक घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। (Bhupesh Baghel ED raid)

Back to top button
error: Content is protected !!