डिप्टी CM शर्मा ने कहा नक्सलियों से हर हाल में बात करने के लिए तैयार, पूर्व CM बोले- गृहमंत्री के बयान को सीरियसली नहीं ले रहे नक्सली

Bhupesh on Vijay Sharma: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर साय सरकार ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार नक्सलियों से हर हाल में बात करने के लिए तैयार हैं। सुकमा में नक्सलियों की मांद सिलगेर से लौटने के बाद डिप्टी CM ने कहा कि नई योजना के साथ नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास के कैंप शुरू किए जाएंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा को जवानों ने कुख्यात नक्सली हिड़मा के गांव पुवरती में बैठाकर चाय पीने का निमंत्रण दिया है। बता दें कि पुरवती गांव को नक्सलियों की राजधानी माना जाता है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सभी को PM आवास, 500 यूनिट बिजली फ्री, खेतों में अस्थाई पंप का कनेक्शन दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- पूर्व CM भूपेश बघेल ने EVM पर उठाए सवाल, कहा- PM का अकाउंट हैक हो सकता है तो EVM क्यों नहीं…?
डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि नक्सल प्रभावितों को आंगनबाड़ी, स्कूल, सड़क अस्पताल बनाकर दिया जाएगा। पेयजल, आधुनिक संरक्षण का पूर्ण विकास, मोबाइल का टावर बनवाकर दिया जाएगा। हर एक बसाहट में टीवी सेट भी दिया जाएगा। राशन पूरी तरह फ्री दिया जाएगा। किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड का फायदा भी देना है। विकास कैंप के आस-पास के सभी गांव में ये सुविधाएं दी जाएगी। बीजेपी सरकार की नक्सल रणनीति पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का स्पष्ट मानना है कि विकास की गंगा शहरों तक सीमित ना हो। गांव और जंगलों तक पहुंचे। सुदूर अंचलों में रहने वाले नौजवान भी सभी सुविधाओं का फायदा ले सके। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए विकास ही एक रास्ता है। (Bhupesh on Vijay Sharma)
पूर्व CM ने गृहमंत्री के बयान पर कसा तंज
गृहमंत्री ने नक्सलियों से पूछा कि वे विकास को क्यों रोक रहे हैं। हम हर हाल में बातचीत और चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन सिर्फ जिद्द में विकास को वो रोक रहे हैं। लोगों को बंधक जैसा बनाकर रखने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल ने गृहमंत्री विजय शर्मा के बयान को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री दूसरी बार कह रहे हैं कि वे नक्सलियों से बातचीत करेंगे, लेकिन अब तक नक्सलियों की ओर से कोई पहल नहीं की गई। साफ है कि वे उनके बयान को सीरियसली नहीं ले रहे हैं। इसलिए अब तक कोई पहल नहीं हुई है। बिना चर्चा के कैसे फैसला लिया जाएगा या तो आप एक तरफा फैसला लें, बातचीत करें, बातचीत के लिए कोई कार्यक्रम तय करें। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के बाद से नक्सली घटनाओं में इजाफा हुआ है। (Bhupesh on Vijay Sharma)



