Chhattisgarh liquor Scam : ईडी की बड़ी कार्रवाई: पूर्व सीएम के बेटे पर 16.70 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
Chhattisgarh liquor scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को शुक्रवार, 18 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया था। ईडी कल मंगलवार को उन्हें रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश करेगी, जहां उनकी रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- पीएम सूर्य घर योजना से केशरवानी परिवार को राहत: बिजली बिल शून्य, हर महीने की आय में इजाफा

ईडी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, चैतन्य बघेल पर आरोप है कि उन्होंने शराब घोटाले (Chhattisgarh liquor scam) से 16.70 करोड़ रुपये की नकद राशि प्राप्त की थी, जिसे रियल एस्टेट कंपनियों में निवेश कर अवैध धन को वैध स्वरूप देने की कोशिश की गई। एजेंसी के मुताबिक, यह संपूर्ण लेन-देन नकद में हुआ था।
इसी बीच, राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने भी जांच की रफ्तार तेज करते हुए सोमवार को इस घोटाले से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय कुमार मिश्रा, उनके भाई मनीष मिश्रा, और अभिषेक सिंह शामिल हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, संजय और मनीष मिश्रा ने मिलकर ‘नेक्स्टजेन पावर कंपनी’ नामक एक फर्म बनाई थी, जिसने FL-10 लाइसेंस के माध्यम से महंगी ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की आपूर्ति कर राज्य में अवैध कमाई की। इन पर अवैध रूप से अर्जित धन को फर्जी वित्तीय लेनदेन और निवेशों के माध्यम से वैध दिखाने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके बेटे चैतन्य बघेल, और कारोबारी अनवर ढेबर के करीबी माने जाते हैं।
EOW द्वारा की गई छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं। हालांकि, ईओडब्ल्यू की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। (Chhattisgarh liquor scam)



