अवैध खनिज परिवहन को लेकर सूरजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई, 7 रेत, 05 ईंट और एक गिट्टी से भरे वाहन जब्त

Big Action in Surajpur: सूरजपुर जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भैयाथान क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने समौली, कुसुसी, करौटी समेत बसदेई गांव में दबिश देकर 13 मामलों में केस दर्ज किए। इनमें 07 रेत, 05 ईंट और एक गिट्टी परिवहन के अवैध मामले शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों को झिलमिली पुलिस थाना और बसदेई चौकी में सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया है।
यह भी पढ़ें:- शिक्षा ही जीवन की असली पूंजी, यह सिर्फ रोजगार का माध्यम नहीं…समग्र विकास का आधार भी है: मुख्यमंत्री साय
संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल और मई 2025 के दौरान जिले में अब तक कुल 45 केस दर्ज किए जा चुके हैं, जो खनिज गतिविधियों पर जिला प्रशासन की सतत निगरानी का प्रमाण है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कलेक्टर जयवर्धन ने निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स पूरी सक्रियता के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व की क्षति रोकना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (Big Action in Surajpur)

उन्होंने यह भी कहा कि स्वीकृत खदानों का संचालन पर्यावरणीय स्वीकृति में निर्धारित शर्तों के अनुरूप विधिसम्मत ढंग से हो और खनिज राजस्व की समय पर वसूली सुनिश्चित की जाए। खनन और परिवहन केवल स्वीकृत खदानों से ही हो और अवैध स्त्रोतों से होने वाली आपूर्ति पर कठोर कार्रवाई की जाए। इधर, धमतरी जिले में अमानक खाद-बीज बेचने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के अलावा सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र की खाद-बीज की दुकानों-कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने अमानक खाद-बीज पाए जाने पर ऐसी दुकानों को सील तक करने को कहा है। (Big Action in Surajpur)




