CG Encounter : नक्लवाद पर बड़ा प्रहार, सुरक्षाबलों ने एक दिन में मार गिराए 32 माओवादी

CG Encounter : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 32 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिल रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर सुरक्षाबल के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। मौके से बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए हैं। हालांकि ये संख्या बढ़ भी सकती है, सर्च ऑपरेशन जारी है. मौके पर एके सीरीज समेत कई असॉल्ट राइफलें और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं, मुठभेड़ जारी है।
30 से 40 के बीच हो सकती है मारे गए नक्सलियों की संख्या
मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने 14 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है, लेकिन कई सूत्रों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या 30 से 40 के बीच है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा में अबूझमाड़ के थुलथुली गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 14 नक्सलियों को मार गिराया. सुंदरराज ने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था. (CG Encounter )
नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर की फायरिंग
सुरक्षाबल के दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराह्न लगभग एक बजे नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने अब तक 14 नक्सलियों के शव, एके 47 और एसएलआर समेत कई अन्य हथियार बरामद किये हैं।
CM विष्णुदेव साय ने आज ही किया था दंतेवाड़ा का दौरा
नक्सलियों के साथ मुठभेड़ से पहले आज सुबह ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा का दौरा किया था. यहां शुक्रवार को उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ 167.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया था।



