रायपुर की शराब दुकान में बड़ा फर्जीवाड़ा: प्लेसमेंट एजेंसी का कर्मचारी गिरफ्तार, अधिकारियों की संलिप्तता का आरोप

Raipur Liquor Scam : राजधानी रायपुर की लालपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान में मिलावटी और बिना होलोग्राम वाली शराब बेचने का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिला आबकारी विभाग और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की संयुक्त कार्रवाई में प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारी शेखर बंजारे को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह पिछले कुछ महीनों से योजनाबद्ध तरीके से अवैध शराब बिक्री में शामिल था।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ को मिलेगा दूसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, पंडित रविशंकर स्टेडियम में तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
12 लाख रुपये की शॉर्टेज पहले ही पकड़ी गई थी
करीब 22 दिन पहले आबकारी विभाग की जांच में दुकान में लगभग 12 लाख रुपये की शॉर्टेज पाई गई थी। अब तक इस मामले में प्लेसमेंट एजेंसी से जुड़े चार कर्मचारी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी सागर सोनवानी अब भी फरार है।
गिरफ्तार आरोपी ने अधिकारियों की मिलीभगत का किया खुलासा
गिरफ्तार शेखर बंजारे ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि दुकान में चल रहा फर्जीवाड़ा अधिकारियों की जानकारी में था, और उन्हें मोटी रकम दी जाती थी। इस बयान के बाद आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
सीसीटीवी डीवीआर गायब, जांच में नया पेंच
मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर राज्य स्तरीय उड़नदस्ता को नहीं सौंपी गई है। सवाल यह उठ रहा है कि इसे जिला आबकारी विभाग अब तक क्यों दबाए बैठा है?
एमपी कनेक्शन और दस्तावेज़ों में धोखाधड़ी का भी आरोप
सूत्रों के अनुसार, इस फर्जीवाड़े के संबंध मध्यप्रदेश से भी जुड़ सकते हैं। प्लेसमेंट एजेंसी के जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एफआईआर के मुताबिक, शेखर बंजारे ने अपने भाई के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर नौकरी पाई थी, जो कि स्पष्ट धोखाधड़ी है।
कैसे होता था फर्जीवाड़ा?
जांच में सामने आया है कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे बंद कर बिना होलोग्राम वाली शराब बेचते थे। इसके अलावा, मिलावटी शराब को महंगी ब्रांडेड बोतलों में भरकर ग्राहकों को गुमराह किया जाता था। (Raipur Liquor Scam )
मामला पुलिस के सुपुर्द, विस्तृत जांच जारी
कुल मिलाकर यह मामला सिर्फ सुपरवाइजर या एजेंसी कर्मचारियों के स्तर का नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे पुलिस को सौंप दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। (Raipur Liquor Scam )



