मुंबई आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम: तहव्वुर राणा की 18 दिन की NIA को मिली रिमांड

Tahawwur Rana Extradition : 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा (Tahawwur Rana India Extradition) को गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अमेरिका से भारत लाया गया. दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर शाम 6.22 बजे उसकी फ्लाइट उतरी. जिसके बाद मेडिकल जांच के बाद एनआईए ने उसे एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े :- यूपी में आफत की बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से 22 की मौत, CM योगी ने किया मदद का ऐलान
गिरफ्तारी के बाद तहव्वुर राणा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान पटियाला हाउस कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त नजर आई. कोर्ट के बंद कमरे में हुई पेशी में NIA ने पुलिस हिरासत की मांग करते हुए पुख्ता सबूतों का हवाला दिया है, जिनमें ईमेल्स शामिल हैं. NIA ने अदालत से कहा है कि साजिश का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की कस्टोडियल पूछताछ जरूरी है. एनआईए ने तहव्वुर राणा की 20 दिन की रिमांड की मांग की है. पटियाला हाउस कोर्ट ने तहव्वुर राणा को 18 दिनों के लिए NIA की रिमांड पर भेज दिया है. राणा को 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड के रूप में गिरफ्तार किया गया था।
सभी आतंकी नेटवर्क का होगा पर्दाफाश
एनआईए तहव्वुर राणा से उन सभी पहलुओं पर जानकारी हासिल करना चाहती है, जो भारत में आतंकवादी नेटवर्क और 26/11 हमले की साजिश से जुड़े हैं. एनआईए ने बयान जारी कर कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के मुख्य साजिशकर्ता को न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाने के लिए सालों से कर रह प्रयासों के बाद यह प्रत्यर्पण हुआ. जांच एजेंसी ने कहा कि यूएसडीओजे, अमेरिकी स्काई मार्शल की सक्रिय सहायता से एनआईए ने संपूर्ण प्रत्यर्पण प्रक्रिया के दौरान अन्य भारतीय खुफिया एजेंसियों, एनएसजी के साथ मिलकर काम किया।
ट्रंप ने किया था प्रत्यर्पण का ऐलान
तहव्वुर राणा को आखिरकार प्रत्यर्पित किए जाने की घोषणा तब हुई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरवरी में अमेरिका की राजधानी पहुंचे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 14 फरवरी 2025 को पीएम मोदी के साथ संयुक्त सम्मेलन में कहा, ‘‘हम एक बेहद हिंसक व्यक्ति को तुरंत भारत वापस भेज रहे हैं ताकि उसे भारत में न्याय की जद में लाया जा सके. राणा को अमेरिका में लॉस एंजिलिस के मेट्रोपोलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया था. भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत शुरू की गई कार्यवाही के बाद उसे अमेरिका में न्यायिक हिरासत में रखा गया था.
प्रत्यर्पण रोकने के लिए तहव्वुर ने आजमाए कानूनी रास्ते
तहव्वुर राणा ने अपना प्रत्यर्पण रोकने के लिए कई कानूनी रास्ते आजमाए, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ. कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 16 मई 2023 को तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण का आदेश दिया था. इसके बाद उसने नौवीं सर्किट अपील अदालत में कई मुकदमे दायर किए, जिनमें से सभी खारिज कर दिए गए. इसके बाद उसने समीक्षा रिट, दो बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में एक आपातकालीन अर्जी दायर की, लेकिन ये भी अस्वीकार कर दिए गए।
तहव्वुर राणा पर डेविड कोलमैन हेडली, लश्कर-ए-तैयबा (LeT) हरकत-उल-जिहादी इस्लामी (HUJI) और पाकिस्तान के अन्य आतंकियों के साथ मिलकर 2008 में मुंबई में आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है. 26 नवंबर 2008 को समुद्र के रास्ते भारत आए आतंकियों के एक ग्रुप ने मुंबई में कई जगहों पर हमला किया, जिसमें 166 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में ब्रिटेन, इजरायल और अमेरिका के लोग भी शामिल थे। (Tahawwur Rana Extradition )



