NDA Manifesto for Bihar Election 2025 : एनडीए आज जारी करेगा संयुक्त घोषणापत्र
महिलाओं और युवाओं पर रहेगा फोकस, महागठबंधन पहले ही कर चुका है वादों की बरसात

NDA Manifesto for Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में सियासी सरगर्मी तेज़ हो गई है। नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियों और घोषणाओं के बीच आज शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) अपना संयुक्त घोषणापत्र जारी (NDA Manifesto for Bihar Election 2025) करेगा। इस घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं को साधने के लिए कई बड़े ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान गठबंधन के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़े :- IND W vs AUS W: विश्व कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
दो चरणों में होगा मतदान
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए इस बार मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण में बाकी सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग होगी। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। वहीं, महागठबंधन अपना घोषणापत्र पहले ही जारी कर चुका है।
एनडीए और महागठबंधन में कौन-कौन
एनडीए में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। इसकी अगुवाई भाजपा कर रही है। वहीं, महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भाकपा, माकपा, सीपीआई (माले) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।
एनडीए के घोषणापत्र को लेकर उत्सुकता
राजनीतिक हलकों में एनडीए के घोषणापत्र को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इसमें महिलाओं, युवाओं और किसानों के हित में कई घोषणाएँ की जा सकती हैं। एनडीए बिहार को शैक्षणिक और औद्योगिक हब बनाने पर जोर दे सकता है।
इसके साथ ही रोजगार सृजन, पलायन रोकने और महिला सशक्तिकरण के लिए नई योजनाओं का ऐलान संभव है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले कुछ महीनों में कई नई योजनाओं की घोषणा कर चुके हैं, ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि घोषणापत्र में और कौन से वादे जोड़े जाते हैं।
महागठबंधन का घोषणापत्र: महिलाओं और किसानों पर फोकस
महागठबंधन ने मंगलवार को पटना में अपना घोषणापत्र जारी किया था। इसमें महिलाओं और किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया गया है।
घोषणापत्र के मुताबिक, अगर महागठबंधन सत्ता में आता है तो ‘माई-बहिन मान योजना’ के तहत महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, ‘बेटी हमारा अभिमान’ और ‘माताओं के लिए सम्मान’ जैसी योजनाओं की भी घोषणा की गई है।
जीविका दीदियों और महिला किसानों के लिए बड़ी घोषणाएँ
महिलाओं को सरकारी कर्मचारियों के बराबर दर्जा देने का वादा करते हुए महागठबंधन ने जीविका दीदियों को 30,000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की है। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के ऋण पर ब्याज माफ करने और दो वर्ष तक ब्याज-मुक्त ऋण देने का प्रस्ताव रखा गया है। महिला किसानों को भी प्रत्येक माह 2,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही गई है। (NDA Manifesto for Bihar Election 2025)
शिक्षा और कृषि क्षेत्र में सुधार का वादा
घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आरक्षण लागू करने की बात कही गई है। राज्य में महिला पुलिस बल के विस्तार और हर अनुमंडल में महिला थाना स्थापित करने का वादा किया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए एमएसपी की गारंटी, सस्ती सिंचाई व्यवस्था, और कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार जैसे 23 प्रमुख वादे शामिल किए गए हैं।



