ड्रोन हो या मिसाइल पलक झपकते ही खाक कर देगा भारत का यह नया ‘सुपर वेपन’ !, जानें क्या है इसकी ताकत ?

Biho Hybrid Air Defense: आधुनिक युद्ध के मैदान में बदलती रणनीतियों के बीच आसमान से मंडराने वाले सुसाइड ड्रोन और मिसाइलें सबसे बड़ा खतरा बन चुकी हैं। इस खतरे से निपटने के लिए भारत अब अपनी सैन्य ताकत को और ज्यादा अभेद्य बनाने जा रहा है। चीन और पाकिस्तान की सीमाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए भारत दक्षिण कोरिया के साथ एक बड़े रक्षा समझौते के बेहद करीब पहुंच गया है। इस डील के तहत भारतीय सेना को आधुनिक ‘K30 बिहो हाइब्रिड’ एयर डिफेंस सिस्टम मिलने वाला है, जो पलक झपकते ही दुश्मनों के हर हवाई हमले को धूल में मिला देगा।
क्या है K30 बिहो हाइब्रिड ?
दक्षिण कोरियाई रक्षा कंपनी ‘हनवा एयरोस्पेस’ की ओर से विकसित किया गया बिहो हाइब्रिड एक एडवांस्ड शॉर्ट-रेंज एयर डिफेंस सिस्टम है। इसे खासतौर पर बख्तरबंद जमीनी सेना के साथ तालमेल बिठाकर चलने के लिए डिजाइन किया गया है। युद्ध के मैदान में टैंकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाला यह सिस्टम दुश्मन के ड्रोन, क्रूज मिसाइलों और हेलीकॉप्टरों के लिए काल साबित हो सकता है। इसमें दो 30mm ऑटोमैटिक तोपों के साथ-साथ कम दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें एक साथ इंटीग्रेटेड हैं। इसकी गन 3 किलोमीटर और मिसाइलें 7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले किसी भी हवाई लक्ष्य को पलभर में नेस्तनाबूद कर सकती हैं। इसमें लगा TPS-830K रडार और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम घने कोहरे या अंधेरे में भी 17 किलोमीटर दूर से दुश्मन के खतरे को भांप लेता है। इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग का भी इस पर कोई असर नहीं होता। (Biho Hybrid Air Defense)
यह भी पढ़ें:- शख्स ने परिवार के चार लोगों को उतारा मौत के घाट, मां ने खोली थी रस्सी, फिर उसी बेटे ने मचाया तांडव
ट्रैक चेसिस पर आधारित होने के कारण यह ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों और रेगिस्तान की रेतीली जमीन पर भी सेना के साथ आसानी से आगे बढ़ सकता है। भारतीय सेना की ओर से चलाए गए कड़े ट्रायल्स के दौरान इस दक्षिण कोरियाई सिस्टम ने रूसी ‘पैंटसिर’ और ‘तुंगुस्का’ जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया था। हर कड़े पैमाने पर खरा उतरने के बाद भारतीय सेना ने इसे अपनी जरूरत के हिसाब से सबसे बेहतरीन पाया था। हालांकि मेक इन इंडिया की नीतियों के चलते उस समय यह बात आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब सबसे बड़ी राहत यह है कि दक्षिण कोरियाई कंपनी भारत को फुल टेक्नोलॉजी ट्रांसफर देने के लिए तैयार हो गई है। इसके चलते इस डील को लेकर नए सिरे से बातचीत शुरू हुई है। इस प्रोजेक्ट के तहत भारत में इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन किए जाने की उम्मीद है, जिसमें देश की प्रमुख रक्षा निर्माण कंपनी लार्सन एंड टुब्रो सबसे आगे चल रही है। L&T इससे पहले दक्षिण कोरिया के सहयोग से ‘K9 वज्र’ होवित्जर तोपों का सफल निर्माण कर चुकी है।
चीन-पाकिस्तान की बढ़ेगी मुश्किलें
लद्दाख की बर्फीली वादियों से लेकर राजस्थान के तपते रेगिस्तान तक इस सिस्टम की तैनाती से पाकिस्तान की नापाक हरकतों और चीन के ड्रोन स्वाम नेटवर्क को तगड़ा जवाब मिलेगा। रक्षा सूत्रों के मुताबिक डील फाइनल होने के बाद भारतीय सीमाओं पर 100 से ज्यादा बिहो हाइब्रिड सिस्टम तैनात किए जाएंगे, जो देश के आसमान को एक अदृश्य और मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेंगे। दक्षिण कोरिया के साथ यह डिफेंस डील न सिर्फ भारतीय सेना की ताकत में नया आयाम जोड़ेगी, बल्कि दुश्मनों के नापाक मंसूबों को आसमान में ही नेस्तनाबूद करने के लिए एक अचूक हथियार साबित होगी। अब देखना यह होगा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच यह मेगा डील कब तक पूरी तरह जमीन पर उतरती है, ताकि देश की सरहदों को दुनिया का सबसे आधुनिक सुरक्षा कवच मिल सके। निसंदेह बिहो हाइब्रिड की यह तैनाती आने वाले समय में भारतीय डिफेंस सेक्टर और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। (Biho Hybrid Air Defense)




