ईरान जंग के बीच किम जोंग उन का खतरनाक खेल, उत्तर कोरिया की मिसाइल से जापान-दक्षिण कोरिया में कांपी धरती

North Korea Missile Launch: एक तरफ मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच घमासान मचा हुआ है और हर तरफ बारूद की महक है तो दूसरी तरफ दुनिया के दूसरे कोने में एक और तानाशाह ने महायुद्ध का नया सायरन बजा दिया है। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने एक बार फिर ऐसा काम किया है, जिसने कोरियाई प्रायद्वीप से लेकर जापान तक सिहरन पैदा कर दी है। वॉनसन इलाके से दागी गई एक खतरनाक बैलिस्टिक मिसाइल ने एशियाई देशों की नींद उड़ा दी है। जागने की तैयारी कर रहे जापान और दक्षिण कोरिया के नागरिकों के लिए वह सुबह दहशत लेकर आई, जब आसमान को चीरती हुई एक मिसाइल तेजी से आगे बढ़ी।
यह भी पढ़ें:- ड्रोन हो या मिसाइल पलक झपकते ही खाक कर देगा भारत का यह नया ‘सुपर वेपन’ !, जानें क्या है इसकी ताकत ?
लगभग 700 किलोमीटर की दूरी और करीब 90 किलोमीटर की ऊंचाई तय करते हुए यह मिसाइल सीधे जापान सागर की तरफ बढ़ी और समंदर के भीतर एक बड़े धमाके के साथ पानी में समा गई। इस दौरान न तो कोई चेतावनी जारी की गई थी और न ही कोई ग्लोबल अलर्ट मिला था। इस अचानक हुए मिसाइल परीक्षण ने इंटरनेशनल एयर रूट्स और समुद्री जहाजों के रास्तों को खतरे में डाल दिया। टोक्यो से लेकर सियोल तक अफरा-तफरी मच गई और जापान को तुरंत इमरजेंसी वार्निंग जारी करनी पड़ी। उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी हिस्से में स्थित वॉनसन क्षेत्र से इस बैलिस्टिक मिसाइल को दागा। (North Korea Missile Launch)
अमेरिका की व्यस्तता का फायदा उठा रहा तानाशाह ?
मिसाइल ने 700 किमी से ज्यादा का सफर तय किया और जापान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन के ठीक बाहर गिरी। हाल ही में डिमिलिट्राइज्ड जोन में हुए लैंडमाइन ब्लास्ट में दक्षिण कोरिया के तीन जवान घायल हो गए थे। सियोल के माफी मांगने के दबाव के बाद तानाशाह की बहन किम यो जोंग ने इसका मजाक उड़ाया था और ठीक उसके अगले दिन यह मिसाइल दाग दी गई। जापान और दक्षिण कोरिया ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए अपनी सेनाओं को हाई अलर्ट पर कर दिया है। इस पूरी घटना की टाइमिंग बहुत कुछ बयां करती है। इस समय अमेरिका और उसकी पूरी सामरिक ताकत मिडिल ईस्ट के संकट को सुलझाने में फंसी हुई है। किम जोंग उन बहुत अच्छी तरह जानते हैं कि अमेरिका इस वक्त दो मोर्चों पर एक साथ खुलकर नहीं उलझ सकता। (North Korea Missile Launch)
क्या एशिया में भड़कने वाला है नया युद्ध ?
एक परमाणु संपन्न देश होने के नाते उत्तर कोरिया दुनिया को यह जताना चाहता है कि वह ईरान की तरह कमजोर नहीं है। वह अमेरिकी प्रशासन के भटके हुए ध्यान का फायदा उठाकर अपनी शर्तों को मनवाने की फिराक में है। उत्तर कोरिया पहले ही दक्षिण कोरिया को अपना नंबर-1 दुश्मन घोषित कर चुका है। दोनों देशों के बीच सरहद पर तनाव इस कदर बढ़ चुका है कि वहां हालात किसी बारूद के ढेर जैसे हैं, जहां बस एक छोटी सी चिंगारी एशिया में महायुद्ध की आग भड़का सकती है। मिडिल ईस्ट के सुलगते युद्ध के बीच उत्तर कोरिया का यह खतरनाक काम इस बात का साफ संकेत है कि दुनिया एक साथ कई मोर्चों पर महायुद्ध की तरफ बढ़ रही है। अब देखना यह होगा कि अमेरिका और पश्चिमी देश किम जोंग उन की इस हरकत पर क्या कड़ा रुख अपनाते हैं। क्योंकि एक तरफ ईरान-इजरायल की जंग और दूसरी तरफ उत्तर कोरिया के परमाणु तेवर से दुनिया एक बार फिर तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी नजर आ रही है।



