Google Analytics —— Meta Pixel

बीजापुर में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ढेर, हथियार बरामद

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रावती इलाके के दुर्गम जंगल और पहाड़ियों में आज शुक्रवार सुबह डीआरजी बीजापुर और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग चली। मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए हैं।

यह भी पढ़े :- शराब पार्टी के बाद लिव-इन पार्टनर ने प्रेमिका की हत्या, बोरे में भरकर नाली में फेंकी लाश – 3 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आदवाड़ा–कोटमेटा के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर डीआरजी बीजापुर की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान 19 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया गया है। मृत नक्सली की पहचान 35 वर्षीय फगनू माड़वी के रूप में हुई है, जो भैरमगढ़ एरिया कमेटी का कमांडर था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह ग्राम गोरना, थाना बीजापुर का निवासी था।

मुठभेड़ स्थल से .303 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, मैग्जीन और कारतूस, विस्फोटक सामग्री, दो स्कैनर सेट, रेडियो, मेडिकल किट, कार्डेक्स वायर, माओवादी पिट्ठू बैग, पिस्टल पाउच और माओवादी पर्चे भी बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. (पट्टलिंगम) ने कहा कि वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों की लगातार और प्रभावी कार्रवाई से बस्तर में माओवाद अंतिम दौर में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि माओवादी संगठन की संरचना बिखर चुकी है और हिंसा के प्रयास अब विफल हो रहे हैं।

आईजी ने सक्रिय माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील भी की है।

Back to top button
error: Content is protected !!