Bilaspur brothers die in well: मुर्गी बचाने कुएं में उतरे दो भाइयों की मौत, जहरीली गैस से दम घुटा

Bilaspur brothers die in well: बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर की बाड़ी में एक कुएं में गिरी मुर्गी को निकालने उतरे दो भाइयों की जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। यह हादसा बेलगहना के करही कछार गांव का है।
40 वर्षीय दिलीप पटेल घर के पास बाड़ी में काम कर रहा था, तभी एक मुर्गी कुएं में गिर गई। दिलीप ने छोटे भाई दिनेश पटेल (35) को आवाज दी और खुद मुर्गी को निकालने के लिए कुएं में उतर गया। मगर कुछ ही देर में वह बेहोश होकर पानी में डूबने लगा। भाई को डूबते देख दिनेश भी उसे बचाने कुएं में कूद पड़ा, लेकिन वह भी बेहोश होकर डूब गया।
परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा उपकरणों के साथ रेस्क्यू कर दोनों भाइयों के शव रात करीब 9:30 बजे बाहर निकाले।
पुलिस ने बताया कि दोनों की मौत कुएं में जमा जहरीली गैस की वजह से हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने दीया जलाकर रस्सी से कुएं में नीचे उतारा, लेकिन दीया बुझ गया। इससे कुएं में गैस होने की पुष्टि हुई। (Bilaspur brothers die)
गैस कैसे बनती है?
रसायन शास्त्र के प्रोफेसर डॉ. हेमंत कश्यप के अनुसार, बंद कुओं में गिरी पत्तियां, खरपतवार और जैविक पदार्थों के विघटन से मीथेन और कार्बन डाई ऑक्साइड जैसी गैसें बनती हैं। यह गैसें वायुमंडलीय दबाव में जमा हो जाती हैं और सांस लेने पर व्यक्ति बेहोश हो सकता है। (Bilaspur brothers die)
डॉ. कश्यप ने बताया कि कुएं में उतरने से पहले दीया या लालटेन जलाकर नीचे भेजना चाहिए। अगर वह बुझ जाए तो समझ लेना चाहिए कि नीचे जहरीली गैस है और तुरंत सावधानी बरतनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों को बिना सुरक्षा उपकरणों के कुएं में नहीं उतरने की हिदायत दी है।(Bilaspur brothers die)



