Google Analytics —— Meta Pixel

Bilaspur crime news : मालकिन का गहना लेकर भागी नौकरानी, मुंगेली के सराफा व्यापारी को बेचा सोना, तीन गिरफ्तार

Bilaspur crime news : बिलासपुर। शहर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमां सिटी कॉलोनी में एक महिला के घर हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। इस चोरी को महिला के घर काम करने वाली नौकरानी ने अंजाम दिया था। उसने अपने भाई के जरिए चोरी के गहने मुंगेली जिले के एक सराफा व्यापारी को बेच दिए थे।

पुलिस ने नौकरानी, उसके भाई और सराफा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से करीब 2 लाख रुपए के गहने और नकद 3700 रुपए बरामद किए गए हैं।

शिकायत के 1 महीने बाद मामला उजागर

सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि पीड़िता रजनी सिंह (43) ने 18 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 10 मई को उसने अपने गहने और नकदी अलमारी में रखे थे। लेकिन 17 जून को जब अलमारी खोली, तो गहने और पैसे गायब थे।

शुरुआती जांच के बाद चोरी की पुष्टि हुई और पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की।

यह भी पढ़ें :- Janjgir Champa suicide case : इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा– ‘मेरे मरने का कारण मेरी गर्लफ्रेंड है’; एक दिन बाद युवक का शव पेड़ से लटका मिला

नौकरानी ने पुलिस को किया गुमराह

जांच के दौरान पुलिस को शक रजनी सिंह के घर पर काम करने वाली नौकरानी दुर्गेश्वरी वर्मा (निवासी अटल आवास, सकरी) पर हुआ। पूछताछ में वह लगातार टालमटोल करती रही और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हालांकि, उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती बरती, जिसके बाद वह टूट गई और चोरी करना कबूल कर लिया। (Bilaspur crime news)

गहने मुंगेली के सराफा व्यापारी को बेचे

दुर्गेश्वरी ने खुलासा किया कि उसने गहनों को अपने भाई हरिशंकर कश्यप की मदद से मुंगेली जिले के ग्राम मोहतरा निवासी सराफा व्यापारी विनोद सोनी को बेचा था।

इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। (Bilaspur crime news)

पुलिस ने किया माल बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीनों के पास से लगभग 2 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 3700 रुपए नकद जब्त किए हैं। साथ ही, सराफा व्यापारी के पास बेचे गए गहनों की खरीद से जुड़े कागजात भी जब्त किए गए हैं।

क्या बोले अधिकारी?

टीआई प्रदीप आर्या के अनुसार, “घटना पूरी तरह सुनियोजित थी। महिला ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भरोसे को तोड़ा। आगे भी सराफा कारोबारियों को चेतावनी दी गई है कि बिना पहचान पत्र और वैध बिल के कोई भी गहने न खरीदें।” (Bilaspur crime news)

Back to top button
error: Content is protected !!