बिलासपुर गोलीकांड में बड़ा खुलासा, वर्चस्व और जमीन विवाद से उपजा खूनी खेल, कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार

Bilaspur Firing Case Update: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के कारोबार को लेकर चली रंजिश अब खूनी संघर्ष में बदल गई है। मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता अकबर खान और उसके करीबी देवेश सुमन उर्फ निक्कू को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में दोनों पर हमले की साजिश रचने का आरोप सामने आया है। इस गोलीकांड में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक हमले की साजिश कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने रची थी, जिन्होंने हत्या के लिए एक लाख रुपए की सुपारी दी थी। फिलहाल दोनों फरार हैं।
यह भी पढ़ें:- पैन कार्ड के दुरुपयोग से 10 करोड़ की ठगी, बस्तर से कोलकाता तक जुड़े तार
कैसे हुई वारदात ?
28 अक्टूबर की देर शाम मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय पर नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई। इस दौरान मौके पर मौजूद पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ राजू घायल हो गए। नीतेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर मौके से भाग निकले। घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि गोलीकांड से पहले विश्वजीत अनंत की कांग्रेस नेता अकबर खान से मीटिंग हुई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने जब्त किया है। (Bilaspur Firing Case Update)
इस तरह खुली साजिश की परतें
अकबर खान विश्वजीत के जरिए मस्तूरी क्षेत्र में जमीन का कारोबार करता था। इसी व्यावसायिक और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में हत्या की योजना बनाई गई थी। मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत, उसके भाई अरमान उर्फ बलमजीत, चाहत उर्फ विक्रमजीत, ब्रायनजीत उर्फ आरजू, मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू, मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस और एक नाबालिग को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में सामने आया कि मोहतरा स्थित देवेश सुमन उर्फ निक्कू के ढाबे में यह पूरी योजना तैयार की गई थी। यहीं पर हथियारों को लाया गया और हमलावरों को फायरिंग की रणनीति समझाई गई। (Bilaspur Firing Case Update)
हथियारों की सप्लाई की भी जांच
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्टल, दो कट्टा, छह मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, 13 खोखा और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बाद में आरोपियों की निशानदेही पर दो और हथियार बरामद किए गए। पुलिस को संदेह है कि विश्वजीत का संबंध उत्तर प्रदेश के मवेशी तस्करों से रहा है, जिनसे उसने पिस्टल और कट्टा खरीदा था। इस संबंध में हथियार आपूर्ति करने वालों की भी जांच की जा रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इस मामले में तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। दोनों ने हत्या की सुपारी दी थी और फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने मामले को गंभीर अपराध श्रेणी में रखा है। एएसपी राजेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। SSP रजनेश सिंह ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। यह हमला आपसी रंजिश और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा था। जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



