Google Analytics —— Meta Pixel

विश्व शांति की अवधारणा भारत के मूल चिंतन का अभिन्न अंग है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Brahma Kumaris: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ब्रह्माकुमारीज संस्था के शांति शिखर-एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा किराज्य के विकास से देश का विकास होता है, और इसी मंत्र के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का अभियान जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्यों की प्रगति ही देश की प्रगति का आधार है। इसी सोच से हम एक विकसित भारत के निर्माण के मिशन में जुटे हैं। प्रधानमंत्री ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के साथ अपने लंबे और आत्मीय संबंध की चर्चा करते हुए कहा कि वे इस आध्यात्मिक आंदोलन को सालों से एक वटवृक्ष की तरह बढ़ते हुए देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर गोलीकांड में बड़ा खुलासा, वर्चस्व और जमीन विवाद से उपजा खूनी खेल, कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार

उन्होंने अहमदाबाद में 2011 का ‘फ्यूचर ऑफ पावर’ कार्यक्रम, 2012 में संस्था की 75वीं वर्षगांठ और 2013 में प्रयागराज सम्मेलन को याद करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा ब्रह्माकुमारीज़ के कार्यों में सेवा की भावना और गंभीरता दिखी है। उन्होंने कहा किमैं अतिथि नहीं हूं, मैं आप ही का हूं। यहां शब्द कम, सेवा ज्यादा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘शांति शिखर-एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड’ आने वाले समय में वैश्विक शांति के सार्थक प्रयासों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह संस्था भारत की उस आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाएगी, जो ॐ शांति के संदेश से पूरी दुनिया में शांति और सद्भाव का संचार करती है।

PM मोदी ने कहा कि आचरण ही सबसे बड़ा धर्म है, आचरण ही सबसे बड़ा तप है और आचरण ही सबसे बड़ा ज्ञान है। बदलाव तब होता है, जब हम अपने कथन को कर्म में उतारते हैं। यही ब्रह्माकुमारीज़ की आध्यात्मिक शक्ति का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज का पहला संदेश ॐ शांति हमें सिखाता है कि ॐ ब्रह्मांड का प्रतीक है और शांति उसकी आत्मा है। यही कारण है कि संस्था का संदेश हर व्यक्ति के अंतर्मन को छूता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व शांति की अवधारणा भारत की आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग है। (PM on Brahma Kumaris)

उन्होंने कहा कि हम वो हैं जो हर जीव में शिव को देखते हैं। हम वो हैं जो ‘स्व’ में ‘सर्वस्व’ को देखते हैं। हमारे सभी धार्मिक अनुष्ठान ‘विश्व कल्याण हो’ के उद्घोष के साथ संपन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मसंयम से आत्मज्ञान, आत्मज्ञान से आत्म-साक्षात्कार और आत्म-साक्षात्कार से आत्मशांति प्राप्त होती है, और यही मार्ग वैश्विक शांति की ओर ले जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया के लिए एक भरोसेमंद साथी के रूप में उभरा है। जब भी दुनिया में कहीं कोई संकट या आपदा आती है, भारत सबसे पहले मदद के लिए पहुंचता है। भारत ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में पूरी जिम्मेदारी निभाता है।

प्रधानमंत्री ने पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता जताई और कहा कि भारत आज प्रकृति संरक्षण की प्रमुख आवाज है। उन्होंने कहा कि हम नदियों को मां मानते हैं, जल को देवता और वृक्षों में परमात्मा का रूप देखते हैं। प्रकृति से केवल लेने का नहीं, उसे लौटाने का भाव ही सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। PM मोदी ने भारत की वैश्विक पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश एक सूर्य, एक विश्व, एक ग्रिड और एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्यजैसे विचारों से पूरी दुनिया को जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) जैसी पहल शुरू की है, जो भू-राजनीतिक सीमाओं से परे जाकर मानवता के लिए है। (PM on Brahma Kumaris)

प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्थाएं समाज को आध्यात्मिक और नैतिक रूप से मजबूत बना रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शांति शिखर भारत के प्रयासों को नई ऊर्जा देगा और यहां से निकली सकारात्मक शक्ति लाखों लोगों को वैश्विक शांति के विचार से जोड़ेगी। PM मोदी ने कहा कि दुनिया में शायद ही कोई देश होगा, जहां मैं गया और ब्रह्माकुमारीज के लोग मुझसे न मिले हों। यह आपके आत्मीयता और शक्ति का परिचायक है। मैं शक्ति का पुजारी हूं और आपकी इस शक्ति को नमन करता हूं। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का समापन ॐ शांति के साथ करते हुए कहा कि आपके संकल्प कभी सपने नहीं होते, वे साकार होते हैं। मुझे विश्वास है कि शांति शिखर विश्व शांति के पथ पर मानवता के लिए नई दिशा देगा।

Back to top button
error: Content is protected !!