प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर में बच्चों से की दिल की बात, कहा-स्वस्थ शरीर ही अच्छे कर्मों का आधार

PM Dil Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित गिफ्ट ऑफ लाइफ सेरेमनी में जन्मजात हृदय रोग से स्वस्थ हुए 2500 बच्चों से संवाद किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन बच्चों के साहस और जीवन में आए बदलाव का उत्सव मनाना था, जिनका हृदय रोग का निःशुल्क इलाज किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कई बच्चों से बातचीत की। एक युवा हॉकी चैंपियन ने बताया कि उसने पांच पदक जीते हैं, लेकिन स्कूल स्वास्थ्य जांच के दौरान दिल में छेद का पता चला था। छह महीने पहले उसकी सर्जरी हुई और अब वह फिर से हॉकी खेल रही है।
यह भी पढ़ें:- विश्व शांति की अवधारणा भारत के मूल चिंतन का अभिन्न अंग है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने मुस्कराते हुए पूछा कि जब तुम डॉक्टर बनोगी तो बूढ़ों का भी इलाज करोगी ? बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास से कहा-हां, पक्का। एक अन्य बच्ची ने बताया कि उसका ऑपरेशन एक साल पहले हुआ था और वह डॉक्टर बनकर सभी की सेवा करना चाहती है। उसने एक प्रेरणादायक कविता सुनाई- मंजिल से आगे बढ़कर मंजिल तलाश कर, मिल जाए तुझको दरिया तो समुंदर तलाश कर…। प्रधानमंत्री मोदी ने उसकी रचनात्मकता की सराहना की और कहा कि यह जज्बा जीवन में सफलता की कुंजी है। एक छोटे बच्चे ने बताया कि 2014 में जब वह 14 महीने का था, तब उसकी सर्जरी हुई थी। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है और क्रिकेट खेलता है। (PM Dil Ki Baat)

प्रधानमंत्री ने पूछा कि क्या वह नियमित जांच कराता है। बच्चे ने यस सर कहकर जवाब दिया, जिस पर प्रधानमंत्री प्रसन्न हुए और कहा कि स्वास्थ्य की नियमित जांच बहुत जरूरी है। इसी तरह एक अन्य बच्चे ने बताया कि उसे इंजेक्शन से डर नहीं लगता और अस्पताल आने में भी डर महसूस नहीं हुआ। प्रधानमंत्री ने उसकी सच्चाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि सच बोलने का बहुत फायदा होता है। एक सातवीं कक्षा की छात्रा ने कहा कि वह बड़ी होकर शिक्षिका बनना चाहती है और गरीब बच्चों को मुफ्त में पढ़ाना चाहती है, क्योंकि उसके अनुसार शिक्षा से ही राष्ट्र आगे बढ़ता है। (PM Dil Ki Baat)

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि क्या उन्हें पता है कि किसका शताब्दी वर्ष शुरू हुआ है। जब बच्चों ने उत्तर नहीं दिया तो उन्होंने बताया कि यह श्री सत्य साईं बाबा का 100वां साल है। प्रधानमंत्री ने बताया कि कैसे साईं बाबा ने पुट्टपर्थी क्षेत्र के 400 गांवों में पेयजल पहुंचाकर जल संकट दूर किया। उन्होंने बच्चों को एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने का आग्रह किया और कहा कि धरती मां और अपनी मां दोनों के प्रति सम्मान दिखाने का यही सबसे सुंदर तरीका है। पश्चिम बंगाल के अभिक नाम के बच्चे ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह सेना में जाकर देश की सेवा करना चाहता है। प्रधानमंत्री ने मुस्कराते हुए पूछा कि क्यों सैनिक बनना चाहते हो? अभिक ने दृढ़ स्वर में कहा- क्योंकि सैनिक हमारी रक्षा करते हैं, मैं भी देश की रक्षा करना चाहता हूं।

प्रधानमंत्री ने उसकी देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि वाह, बहुत अच्छा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अच्छे काम के लिए स्वस्थ शरीर जरूरी है। योग करें, समय पर सोएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सजग रहें। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जीवन में आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करें। प्रधानमंत्री ने बच्चों को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दिल से जुड़ी बात सिर्फ इलाज की नहीं, जीवन को सार्थक बनाने की भी है। (PM Dil Ki Baat)



