सिम्स अस्पताल में बवाल, गायनिक वार्ड में महिला परिजन ने स्टाफ नर्स को जड़ा थप्पड़, सुरक्षा गार्ड को भी पीटा

Bilaspur Sims Hospital: बिलासपुर जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स यानी छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान से एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां गायनिक वार्ड में एक प्रसूता के डिस्चार्ज को लेकर उसकी अटेंडर महिला ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान महिला ने पहले इंटर्न डॉक्टर से बदसलूकी की, फिर समझाइश देने आई स्टाफ नर्स को थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षा गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक गायनिक वार्ड में भर्ती एक महिला ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था। उसकी अटेंडर महिला सुबह से ही डिस्चार्ज पेपर्स की मांग को लेकर मेडिकल स्टाफ पर दबाव बना रही थी।
यह भी पढ़ें:- पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में श्रीमंत शंकरदेव शोध पीठ का लोकार्पण
सीनियर नर्सों ने उसे बताया कि नियमानुसार दोपहर 2 बजे तक डिस्चार्ज पेपर्स तैयार कर दिए जाएंगे, लेकिन महिला इस बात से संतुष्ट नहीं हुई। महिला का आरोप था कि डिस्चार्ज पेपर्स दो दिन पहले ही बन चुके हैं, लेकिन जानबूझकर उसे नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर वह मेडिकल स्टाफ से तीखी बहस करने लगी और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब स्टाफ नर्स ने महिला को शांत रहने और संयम से बात करने की समझाइश दी तो महिला और ज्यादा उग्र हो गई। उसने नर्स को थप्पड़ मार दिया। घटना के समय वार्ड में इंटर्न डॉक्टर और अन्य नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद थे, जिनके साथ भी परिजनों ने बदसलूकी की। (Bilaspur Sims Hospital)

स्थिति बिगड़ती देख जब सुरक्षा गार्ड ने महिला को काउंटर से हटाने और माहौल शांत करने की कोशिश की तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। इस दौरान वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भर्ती मरीज और उनके परिजन डर गए। कुछ देर के लिए वार्ड की व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि सिम्स जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे। (Bilaspur Sims Hospital)
प्रबंधन ने FIR दर्ज कराने की कही बात
मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधन और सिम्स अधीक्षक डॉ. लखन सिंह को दी गई है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात कही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट और बदसलूकी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इधर, नर्सिंग स्टाफ और दूसरे कर्मचारियों ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट को लिखित आवेदन सौंपकर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है। वहीं वायरल वीडियो के बाद मामला और भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है।



